सतपुला पार्क घटना: दिल्ली पुलिस कमिश्नर को नोटिस, दो सप्ताह में रिपोर्ट मांगी
दक्षिणी दिल्ली। मालवीय नगर थाना क्षेत्र स्थित सतपुला पार्क में आठ मार्च को मणिपुर की युवती की कथित पिटाई के मामले का राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने संज्ञान लिया है।
मित्र के साथ शाम के समय टहल रही मणिपुर की रहने वाली युवती पर कुछ लड़कों ने टिप्पणी की थी, जिसका उसने विरोध किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई।
हालांकि पुलिस ने अगले ही दिन घटना में शामिल चारों नाबालिग आरोपितों को पकड़ लिया था। आयोग के मुताबिक घटना पीड़िता के मानवाधिकारों के उल्लंघन का एक गंभीर मामला है।
मानवाधिकार आयोग ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर को एक नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। इस रिपोर्ट में पीड़िता के स्वास्थ्य की स्थिति और जांच की प्रगति भी तलब की है।
