Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

IPL में फिर दिखा सबसे लंबा ओवर, नो-बॉल और वाइड की बरसात, अर्शदीप स‍िंह ने तो हद कर दी

आईपीएल 2026 का चौथा मैच पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया. इस मैच में दो खिलाड़ी चर्चा में हैं. पहले कूपर कोनोली, जिन्होंने विस्फोटक बैटिंग से अकेले दम पर पंजाब को जीत दिलाई और दूसरे तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह. अब आप सोच रहे होंगे कि अर्शदीप ने मैच में खतरनाक बॉलिंग की होगी, जिससे वह सुर्खियों में हैं. तो हम आपको बता दें कि ऐसा बिल्कुल भी नहीं है. दरअसल, अर्शदीप सिंह ने गुजरात के खिलाफ 11 गेंद का ओवर फेंका. उन्होंने वाइड और नो बॉल की झड़ी लगा दी. यह आईपीएल में गेंदों के हिसाब से संयुक्त रूप से सबसे लंबा ओवर है. हालांकि, अर्शदीप से पहले भी पांच गेंदबाज यह ‘अनचाहा’ कारनामा कर चुके हैं.

अर्शदीप सिंह ने 20वें ओवर में फेंकी कुल 11 बॉल

मंगलवार को अर्शदीप सिंह ने गुजरात टाइटंस की पारी के 20वें ओवर में कुल 11 बॉल फेंकी. गुजरात की टीम 19 ओवरों के खेल तक 6 विकेट खोकर 150 रन बना चुकी थी. इसके बाद गेंद अर्शदीप को सौंपी गई, जिन्होंने 20वें ओवर की पहली ही गेंद वाइड फेंकी. अगली दो लीगल डिलीवरी पर राहुल तेवतिया कोई रन नहीं बना सके. ओवर की तीसरी गेंद पर तेवतिया ने चौका लगाया. अर्शदीप ने इसके बाद एक नो-बॉल और दो वाइड फेंकी. ओवर की चौथी लीगल डिलीवरी डॉट रही. पांचवीं गेंद पर तेवतिया ने सिंगल चुराया, लेकिन अगली ही गेंद अर्शदीप ने वाइड फेंक दी. अगली गेंद भी अंपायर ने वाइड दी, लेकिन डीआरएस में पता चला कि गेंद वाइड नहीं है. इस तरह अर्शदीप सिंह ने 20वें ओवर में कुल 11 गेंद फेंकी.

आईपीएल में इन गेंदबाजों ने फेंकी एक ओवर में सबसे ज्यादा गेंद

अर्शदीप से पहले मोहम्मद सिराज (आईपीएल 2023), तुषार देशपांडे (आईपीएल 2023), शार्दुल ठाकुर (आईपीएल 2025), संदीप शर्मा (आईपीएल 2025) और हार्दिक पांड्या (आईपीएल 2025) एक ओवर में 11 गेंदें फेंक चुके हैं. इन सभी के नाम संयुक्त रूप से आईपीएल में सबसे लंबा ओवर फेंकने का अनचाहा रिकॉर्ड है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp