Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

सेमीकंडक्टर मिशन पर पीएम मोदी का बड़ा बयान- भारत बनेगा दुनिया का भरोसेमंद सप्लायर

अहमदाबाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को गुजरात का दौरा किया। पीएम ने इस दौरान कई परियोजनाओं की सौगात दी। उन्होंने यहां मौजूद जनता को संबोधित भी किया। पीएम ने कहा कि सरकार आने वाले समय में प्रौद्योगिकी और ऊर्जा सुरक्षा के लिए मजबूत नींव रख रही है।

उन्होंने गुजरात के साणंद में मंगलवार को केन्स सेमीकान के आउटसोर्स सेमीकंडक्टर संयंत्र का उद्घाटन करने के बाद कहा कि भारत वैश्विक बाजार में एक विश्वसनीय सेमीकंडक्टर आपूर्तिकर्ता के रूप में अपनी भूमिका को मजबूत कर रहा है।

आगे कहा कि एक तरह से आज साणंद और अमेरिका के सिलिकान वैली के बीच एक नया पुल बन गया है। साणंद में बने उत्पाद सिलिकान वैली पहुंचकर दुनिया को शक्ति प्रदान करने का काम करेंगे। उन्होंने इसके अतिरिक्त कई अन्य परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत सक्रिय रूप से एक मजबूत सेमीकंडक्टर पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण कर रहा है। इसके साथ ही कच्चे माल के लिए एक लचीली सप्लाई चेन स्थापित करने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास भी कर रहा है। जब कोरोना महामारी ने सप्लाई चेन को बाधित किया था, तब भारत ने सेमीकंडक्टर विनिर्माण का केंद्र बनने का निर्णय लिया था। भारत सक्रिय रूप से एक मजबूत सेमीकंडक्टर इकोसिस्टम का निर्माण कर रहा है। पैक्स सिलिका में भारत की भागीदारी इसी प्रयास का प्रमाण है।

पीएम मोदी ने कहा कि महत्वपूर्ण खनिजों में आत्मनिर्भरता प्राप्त करने के लिए भारत ने नेशनल क्रिटिकल मिनिरल्स मिशन शुरू किया है, जो महत्वपूर्ण खनिजों के खनन और उत्पादन पर जोर देता है। इसके अतिरिक्त खनिजों के पुनर्चक्रण को बढ़ावा देने के लिए 1,500 करोड़ रुपये की एक योजना शुरू की गई है।

उन्होंने इस वर्ष के बजट में घोषित ‘रेअर अर्थ कारिडोर’ का उल्लेख किया, जिसमें ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और केरल जैसे तटीय राज्य शामिल हैं। यह कॉरिडोर एक एकीकृत नेटवर्क के रूप में कार्य करेगा, जो खनन, शोधन और विनिर्माण को शामिल करते हुए एक मजबूत चेन का निर्माण करेगा।

भारत का मानना है कि 21वीं सदी न केवल आर्थिक प्रतिस्पर्धा का युग है, बल्कि भविष्य के तकनीकी परि²श्य को आकार देने का एक महत्वपूर्ण क्षण भी है।

कांग्रेस ने किया देश की सुरक्षा से खिलवाड़

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने देश में तेल और गैस की कमी का डर पैदा कर कतारें लगाने प्रयास किया। वह आज भी भारत विरोधी विदेशी ताकतों की भाषा बोलती है। कांग्रेस ने सत्ता में रहते हुए गुजरात के विकास कार्यों में अवरोध पैदा किया।

डीसा में एयरबेस बनाने का काम देश की सुरक्षा से जुड़ा था लेकिन दिल्ली में सत्ता में रहते हुए कांग्रेस ने इसको नहीं बनने दिया। जब वह सत्ता में आए तो डीसा एयरबेस बनाने का काम पूरा हुआ।

पीएम ने कांग्रेस को राजनीतिक गिद्ध बताते हुए देश में अशांति और अव्यवस्था पैदा करने वाला बताया। उत्तर गुजरात में मंगलवार को आयोजित एक समारोह में मोदी ने 19 हजार 800 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया।

सम्राट संप्रति म्यूजियम भारत दर्शन का इंद्रधनुष

पीएम मोदी ने भारत के गौरवशाली अतीत को याद करते हुए कहा कि सम्राट संप्रति म्यूजियम में वेद, पुराण, दर्शन शास्त्र, हस्तलिखित पांडुलिपियों व दुर्लभ ग्रंथों का संग्रह किया गया है, जो भारत की गौरवशाली विरासत का इंद्रधनुष बनकर उभरा है।

गांधी परिवार पर हमला करते हुए कहा कि आजादी के बाद एक ही परिवार के महिमामंडन के चलते भारत की प्राचीन विरासत की उपेक्षा की गई।

मोदी ने मंगलवार को गांधीनगर स्थित महावीर जैन आराधना केंद्र कोबा में सम्राट अशोक के पौत्र के नाम पर बनाए गए सम्राट संप्रित म्यूजियम का लोकार्पण किया।

यहां एक धर्मसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आचार्य कैलाशसागर सूरीश्वर जी को याद किया और कहा कि उन्होंने 60 वर्ष तक देश के कोने-कोने में घूमकर 30 लाख पांडुलिपियों, ताम्रपत्र, भोजपत्र एकत्र कर सदियों पुराने ज्ञान का संग्रह किया।

वहीं, आचार्य पदमसागर सूरीश्वर महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की रक्षा और संवृद्धि के लिए बहुत काम किया है। उन्होंने सोये राष्ट्र को जागृत किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp