Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

CM रेखा गुप्ता आज पेश करेंगी दूसरा बजट; शिक्षा, स्वास्थ्य और ‘ग्रीन विजन’ पर बड़ा एलान; बिजली-पानी हो सकता है फ्री?

नई दिल्ली: दिल्ली विधानसभा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज वित्त वर्ष 2026-27 के लिए दिल्ली का बजट पेश करेंगी. इस बार के बजट की थीम ‘विकसित दिल्ली, हरित दिल्ली’ रखी गई है. बताया जा रहा है कि इस बजट का आकार पिछले साल के 1 लाख करोड़ रुपये के रिकॉर्ड आंकड़े को पार कर सकता है. प्रदूषण से मुक्ति, विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर और महिलाओं के लिए आर्थिक सुरक्षा इस बजट के तीन मुख्य स्तंभ होने की उम्मीद है.

इस बजट में सरकार का पूरा ध्यान दिल्ली को एक आधुनिक और सस्टेनेबल ग्लोबल सिटी बनाने पर है. विधानसभा सत्र की शुरुआत सोमवार को पारंपरिक ‘खीर समारोह’ के साथ हुई थी. जिसने एक सकारात्मक और ऊर्जावान माहौल तैयार कर दिया है. अब आज मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सुबह बजट पेश करने से पहले गुलाबी बाग स्थित वैष्णो मंदिर में पूजा अर्चना करेंगी उसके बाद विधानसभा में बजट भाषण के लिए जाएंगी. व्यापारियों और युवाओं के लिए औद्योगिक क्षेत्रों में सुधार और स्टार्टअप्स के लिए ‘सिंगल विंडो क्लीयरेंस’ की घोषणा हो सकती है. साथ ही, गिग वर्कर्स (जैसे जोमैटो, स्विगी के डिलीवरी पार्टनर्स) के लिए एक विशेष वेलफेयर बोर्ड के गठन की भी संभावना है.

‘हरित दिल्ली’ का रोडमैप

प्रदूषण दिल्ली की सबसे बड़ी चुनौती रही है. इस बजट में ‘ग्रीन बजट’ के तहत भारी आवंटन की संभावना है. सार्वजनिक परिवहन को पूरी तरह इलेक्ट्रिक करने के लिए नई ई-बसें और चार्जिंग स्टेशनों के जाल पर जोर होगा. साबरमती रिवरफ्रंट की तर्ज पर यमुना के कायाकल्प के लिए एसटीपी अपग्रेडेशन और बायो-गैस प्लांट के लिए बड़ा फंड का आवंटन का ऐलान संभव है. घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए सब्सिडी के नए प्रावधान का ऐलान संभव है.

महिलाओं के लिए ‘पिंक’ सौगात

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता महिलाओं के सशक्तिकरण को बजट के केंद्र में रख सकती हैं. पात्र महिलाओं को 2,500 रुपये प्रति माह की आर्थिक सहायता जारी रखने और इसके दायरे को बढ़ाने की चर्चा है. महिला और ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए सार्वजनिक परिवहन में विशेष रियायतें, दिल्ली के हर कोने में ‘सेफ सिटी प्रोजेक्ट’ के तहत 10,000 नए सीसीटीवी कैमरे और स्मार्ट एलईडी लाइटें लगाने का प्रस्ताव शामिल हो सकता है.

इंफ्रास्ट्रक्चर, जाम मुक्त दिल्ली का सपना

राजधानी की रफ्तार बढ़ाने के लिए ‘दिल्ली डिकंजेशन प्लान’ पर काम तेज होगा. दिल्ली मेट्रो के नेटवर्क को 500 किमी तक ले जाने के लिए फेज पांच और नए कॉरिडोर्स को मंजूरी का ऐलान संभव है. नरेला में 1,300 करोड़ रुपये का आधुनिक एजुकेशन हब और कई नए फ्लाईओवर्स का निर्माण.

शिक्षा और स्वास्थ्य: ‘पीएम श्री’ की तर्ज पर ‘सीएम श्री’ स्कूल

शिक्षा के क्षेत्र में सरकार ‘सीएम श्री’ स्कूलों की संख्या बढ़ाने जा रही है, जो नई शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप होंगे. इसके अलावा सरकारी स्कूलों में डिजिटल लाइब्रेरी और एआई आधारित शिक्षक प्रशिक्षण, स्वास्थ्य क्षेत्र में ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ का विस्तार और मोहल्ला क्लीनिकों का आधुनिकरण शामिल हो सकता है.

“हमारी सरकार का यह दूसरा बजट दिल्ली के विकास की गति बढ़ाने वाला, दिल्लीवासियों को सुविधाएं देने वाला, इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने वाला और उनके जीवन स्तर को ऊपर उठाने वाला बजट होगा. यह बजट दिल्ली के विकास को और अधिक गति देते हुए, एक पॉजिटिव इमेज और ऐसा वातावरण प्रस्तुत करेगा, जहां जनसाधारण खुशी के साथ अपना जीवन यापन कर सके. एक ऐसा बजट जिसमें स्टूडेंट्स के लिए बेहतर सुविधाएं, शहरवासियों के लिए मजबूत स्वास्थ्य इंफ्रास्ट्रक्चर, स्वच्छता में सुधार, बेहतर हवा और एक हरी-भरी दिल्ली का संकल्प शामिल है.इन सब सपनों को संजोकर मैं यह बजट लेकर आई हूं, जो दिल्ली की जनता वर्षों से देख रही है. दिल्ली की जनता का हृदय से धन्यवाद और अभिनंदन, जिनका आशीर्वाद हम सब पर सदैव बना हुआ है.” — रेखा गुप्ता, मुख्यमंत्री, दिल्ली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp