दिल्ली में ‘ओडिशा पर्व-2026’: मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उड़िया समुदाय को बताया अपना विस्तारित परिवार
दक्षिणी दिल्ली। दक्षिणी दिल्ली में जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम परिसर में चल रहे ‘ओडिशा पर्व-2026’ में शनिवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता शामिल हुईं। राजधानी दिल्ली में रहने वाले उड़िया समुदाय को सांस्कृतिक उत्सव की शुभकामना देते हुए उन्हें अपना ‘विस्तारित परिवार’ बताया।
उन्होंने कहा कि यह गर्व का विषय है कि दिल्ली में ओडिशा की संस्कृति, कला, संगीत, नृत्य और परंपराओं को इतने भव्य रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। दिल्ली में रहने वाला हर उड़िया परिवार आज भी अपनी जड़ों, अपनी सांस्कृतिक विरासत और अपनी मातृभूमि से गहराई से जुड़ा है।
15 लाख लोग ओडिशा से जुड़े हुए
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली में लगभग 15 लाख लोग ओडिशा से जुड़े हुए हैं और यही इस महानगर की विशेषता है कि यहां देश के हर राज्य और हर संस्कृति के लोग मिलकर रहते हैं। दिल्ली सभी को खुले दिल से अपनाती है। हर नागरिक को यह विश्वास दिलाती है कि यह शहर उनका अपना है।
उन्होंने ओडिशा में रहने वाले लोगों को भी आश्वस्त किया कि दिल्ली में रहने वाले उनके परिवारजन सुरक्षित हैं और दिल्ली सरकार उनकी हर आवश्यकता और चिंता का पूरा ध्यान रखती है।
उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार ने पहली बार उत्कल दिवस को सरकारी स्तर पर भव्य रूप से आयोजित कर समाज के लोगों का सम्मान किया है।
वहीं, ओडिशा में भी डबल इंजन की सरकार है। एक ओर केंद्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का नेतृत्व और दूसरी ओर राज्य में नई सरकार, ओडिशा के विकास को नई गति दे रही है। इस अवसर पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी भी उपस्थित रहीं।
