नोएडा एयरपोर्ट के टैरिफ दर तय करने के लिए हितधारकों की राय मांगी जाएगी
ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए भारतीय विमानपत्तन आर्थिक विनियामक प्राधिकरण टैरिफ दरों को लेकर सभी हित धारकों से सुझाव लेगा। इसके लिए 23 मार्च को बैठक बुलाई गई है। प्राधिकरण ने अगस्त 2025 में अनंतिम टैरिफ दरों का निर्धारण किया था। टैरिफ दरें एक अप्रैल 2026 से पांच साल के लिए लागू होंगी।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को नागर विमानन महानिदेशालय ने एयरो ड्रम लाइसेंस जारी कर दिया है। इस माह के अंत में एयरपोर्ट का उद्घाटन संभावित है। अप्रैल से नोएडा एयरपोर्ट से यात्री और कार्गो सेवाओं की शुरुआत होगी।
भारतीय विमान पत्तन आर्थिक विनियामक प्राधिकरण ने पिछले साल अगस्त में एयरपोर्ट के लिए अनंतिम टैरिफ दरों का निर्धारण किया था। एयरपोर्ट के जल्द शुरू होने को देखते हुए प्राधिकरण दरों को अंतिम रूप से तय करने में जुट गया है। इसके लिए 23 मार्च को दिल्ली में सभी हित धारकों के सुझाव लेने के लिए बैठक बुलाई गई है।
एयरपोर्ट संचालक कंपनी की ओर से विमान सेवा संचालन खर्च के अनुमानित आंकड़े रखे गए थे। इसके तहत 2026 में 482.60 करोड़, 2027 में 537.70 करोड़, 2028 में 577.40 करोड़, 2029 में 605.80 करोड़ व 2030 में 651.90 करोड़ रुपये का अनुमानित खर्च बताया था। हवाई सेवाओं के अतिरिक्त अन्य मद में पांच साल के दाैरान 1645.29 करोड़ खर्च का अनुमान रखा था।
इसके आधार पर प्राधिकरण ने एयरपोर्ट के लिए टैरिफ दरों का अनंतिम रूप से निर्धारण किया था। घरेलू विमान की लैंडिंग के लिए सौ मिट्रिक टन क्षमता तक 875 रुपये प्रति मिट्रिक टन व इससे अधिक पर 87500 व 1155 रुपये प्रति मिट्रिक टन शुल्क तय किया था। अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा के लिए सौ मिट्रिक टन तक एक हजार रुपये प्रति मिट्रिक टन व इससे अधिक क्षमता पर एक लाख रुपए और प्रति मिट्रिक टन 1300 रुपए शुल्क तय किया था।
पार्किंग शुल्क के तहत नि:शुल्क अवधि के बाद पहले दो घंटे के लिए सौ मिट्रिक टन तक 25 रुपये प्रति व सौ मिट्रिक टन से अधिक होने पर 2500 रुपये व 30 रुपये प्रति मि.टन शुल्क एवं चार घंटे के बाद सौ मि.टन तक 50 रुपए प्रति घंटा प्रति मि.टन व सौ मि.टन से अधिक क्षमता पर 5000 रुपये और 60 रुपये प्रति घंटा प्रति मि.टन का तय किया था।
यूजन डेवलपमेंट शुल्क प्रति यात्री प्रस्थान करने पर घरेलू के लिए 690 रुपये व अंतरराष्ट्रीय के लिए 1380 रुपये, आगमन पर घरेलू यात्री के लिए 300 रुपये व अंतरराष्ट्रीय के लिए 595 रुपये प्रति यात्री तय किया गया। प्राधिकरण हित धारकों के सुझाव के बाद इन दरों को अंतिम रूप से तय करेगा, जो नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए लागू की जाएंगी।
