Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

तरुण कुमार की मौत के बाद जमीयत उलमा-ए-हिंद ने दिल्ली पुलिस को ज्ञापन सौंपा

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तम नगर की जेजे कॉलोनी में 26 वर्षीय तरुण कुमार की मौत के बाद उत्पन्न तनावपूर्ण हालात को लेकर जमीयत उलमा-ए-हिंद ने गंभीर चिंता व्यक्त की है. संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को पश्चिमी रेंज के जॉइंट पुलिस कमिश्नर जतीन नरवाल से जनकपुरी स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा.

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व संगठन के महासचिव मौलाना मोहम्मद हकीमुद्दीन कासमी ने किया. इस दौरान उन्होंने घटना के बाद इलाके में बढ़ रहे तनाव और कुछ तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिशों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की. संगठन की ओर से इस मामले को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री, दिल्ली के उपराज्यपाल और पुलिस आयुक्त को भी पत्र भेजा गया है.

ज्ञापन में कहा गया कि तरुण कुमार की मृत्यु दुखद है और मामले की निष्पक्ष तथा पारदर्शी जांच होनी चाहिए, ताकि सभी तथ्य सामने आ सकें. साथ ही प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि घटना के बाद कुछ स्थानों पर तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं भी सामने आई हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए.

जमीयत उलमा-ए-हिंद ने प्रशासन के समक्ष पांच प्रमुख मांगें रखीं. इनमें सांप्रदायिक नफरत फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई, सोशल मीडिया पर भड़काऊ संदेशों पर रोक, इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना, तोड़फोड़ व आगजनी की घटनाओं की जांच तथा रमजान और ईद-उल-फितर के दौरान मुस्लिम समुदाय को धार्मिक गतिविधियों के लिए सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग शामिल है.

इस पर जॉइंट पुलिस कमिश्नर जतीन नरवाल ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि इलाके में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं. उन्होंने बताया कि बाहरी लोगों के प्रवेश पर निगरानी बढ़ाई गई है और शांति समिति की बैठकें भी आयोजित की जा रही हैं. पुलिस अधिकारियों ने यह भी भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षा प्रदान की जाएगी और अफवाह या नफरत फैलाने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. प्रतिनिधिमंडल ने भी स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp