Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

नोएडा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, डेटिंग ऐप के जरिए ठगी करने वाला गैंग गिरफ्तार

नोएडा: अगर आप ऑनलाइन डेटिंग ऐप का इस्तेमाल करते हैं तो सतर्क हो जाएं। नोएडा में डेटिंग ऐप के जरिए लोगों को प्रेम जाल में फंसाकर लूटने और ब्लैकमेल करने वाले गिरोह सक्रिय हैं। सेक्टर-126 थाना पुलिस ने ऐसे ही एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक कॉलेज छात्र भी शामिल है।

4 आरोपी गिरफ्तार, लूट का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपियों के पास से लूटी गई हीरे की अंगूठी, सोने की चेन और करीब 14 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को गुरुवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

एडीसीपी मनीषा सिंह के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुशांक सिंह (बुलंदशहर), प्रदीप (मथुरा), रोहित (बिहार) और वासु (बागपत) के रूप में हुई है। ये सभी दिल्ली के शाहदरा इलाके में किराये पर रह रहे थे।

फर्जी आईडी बनाकर फंसाते थे शिकार

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का मास्टरमाइंड सुशांक सिंह डेटिंग ऐप पर राहुल नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर लोगों से संपर्क करता था। वह ऐप के नियर बाय फीचर का इस्तेमाल कर दिल्ली-एनसीआर के लोगों को अपने जाल में फंसाता था।

कमरे पर बुलाकर बनाते थे वीडियो

गिरोह के सदस्य फर्जी आधार कार्ड के जरिए किराये पर कमरे बुक करते थे। जब पीड़ित वहां पहुंचता, तो आरोपी चोरी-छिपे या जबरन उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लेते थे। इसके बाद शुरू होता था ब्लैकमेल का खेल। आरोपी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने और परिवार को भेजने की धमकी देकर पीड़ितों से पैसे और गहने ऐंठते थे।

पहचान छिपाने के लिए बदलते थे पेशा

गिरोह के सदस्य अपनी पहचान छिपाने के लिए कैब ड्राइवर या वेटर का काम करते थे। आरोपी वासु गाजियाबाद में बीए सेकंड ईयर का छात्र है, जबकि अन्य आरोपी कम पढ़े-लिखे हैं। वारदात के दौरान ये लोग फर्जी पते पर लिए गए सिम कार्ड और अलग मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते थे और घटना के बाद उन्हें तोड़कर फेंक देते थे।

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और कितनी फर्जी आईडी बनाई थीं। गौरतलब है कि तीन दिन पहले भी नोएडा पुलिस ने इसी तरह के एक अन्य गिरोह का पर्दाफाश किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp