सेक्टर-63 एटीएम चोरी: कैश मैनेजमेंट एजेंसी के दो कर्मचारी आरोपित
नोएडा। सेक्टर-63 थानाक्षेत्र के एक एटीएम में ग्राहक के फंसे एक लाख 84 हजार रुपये की नकदी को कैश मैनेजमेंट एजेंसी के दो कस्टोडियन लेकर भाग गए। पूरी घटना बैंक के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। एजेंसी की लीगल मैनेजर ने पुलिस को दोनों कस्टोडियन के खिलाफ नामजद मुकदमा कराया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर दोनों आरोपितों की तलाश तेज कर दी है।
तकनीकी खामी से अटकीं नोट
नोएडा सेक्टर 2ए में हिताची कैश मैनेजमेंट सर्विसेस कंपनी का कार्यालय है। कंपनी द्वारा विभिन्न बैंकों के एटीएम में समय-समय पर लाखों रुपए की नकदी ग्राहकों की आर्थिक सेवा के लिए डाला जाता है। 15 जनवरी 2026 को सेक्टर 63 के जी ब्लाक में प्राइवेट बैंक में एटीएम पर खाताधारक एक लाख 84 हजार 500 रुपये रिसाइक्लर मशीन से जमा पहुंचा था, जैसे ही उसने इंडेंट के लिए कैश मशीन डाला, तभी अचानक से तकनीकी दिक्कत के चलते नकदी मशीन में फंस गई।
रुपये निकालकर रख लिए
कंपनी की लीगल मैनेजर महक गुप्ता ने पुलिस को शिकायत में बताया कि जिस दिन ग्राहक के मशीन में पैसे फंसे थे। उसी दिन उनकी कंपनी के दो कस्टोडियन, जिनमें अजीत सिंह निवासी राजेपुर बिल्हौर जिला कानपुर और कन्नौज के सिकरावा निवासी नीरज त्रिपाठी एटीएम में बड़ा कैश जमा करने गए थे। इस बीच अजीत ने मशीन में ग्राहक के रुपये फंसे देखे थे तो उसने निकालकर अपने पास रख लिए।
पदाधिकारियों को कोई सूचना भी नहीं दी
लीगल मैनेजर के मुतबिक, नियमानुसार दोनों कस्टोडियन को मशीन में फंसी नकदी को कंपनी आकर वाल्ट में जमा कराने होते हैं, लेकिन आरोपित अजीत अपने रूट के बीच ही गाड़ी से उतरकर भाग गया। उसने इस संबंध में कंपनी पदाधिकारियों को कोई सूचना भी नहीं दी।
20 जनवरी को घटना का पता चलने पर जब अजीत को काॅल की तो आरोपित का नम्बर स्विच आफ था। उन्होंने पुलिस से बैंक एवं ग्राहक के धन की चोरी का आरोप लगाकर आरोपित के खिलाफ कार्रवाई की मांग की हैं।
पुलिस का कहना है कि सर्विलांस की मदद से आरोपित को तलाश रहे हैं। उसे जल्द पकड़कर गिरफ्तार किया जाएगा।
