ग्रेटर नोएडा: केस डायरी न आने से रविकाना की अग्रिम जमानत पर फैसला टला
ग्रेटर नोएडा: पांच करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में सत्र न्यायालय में बृहस्पतिवार को स्क्रैप माफिया रविकाना की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई नहीं हो सकी। अदालत ने सुनवाई की अगली तारीख छह अप्रैल निर्धारित की है।
अभियोजन के मुताबिक, नोएडा की सेक्टर-39 कोतवाली में सेक्टर-62 इंडियन आयल अपार्टमेंट निवासी नोएडा मीडिया क्लब के अध्यक्ष आलोक कुमार द्विवेदी ने रविकाना के खिलाफ पांच करोड़ की रंगदारी मांगने का मामला दर्ज कराया था।
विवेचक ने अभी तक केस डायरी प्रस्तुत नहीं की है। इसके चलते सुनवाई के लिए अगली तारीख की अर्जी लगाई। जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया।
आरोपित के अधिवक्ता ललित मोहन गुप्ता ने बताया पिछली बार की तरह ही इस बार भी विवेचक ने केस डायरी प्रस्तुत नहीं की। इसके चलते रविकाना की अग्रिम जमानत याचिका पर सुनवाई टल गई।
अदालत ने कहा है कि यदि छह अप्रैल को विवेचक केस डायरी प्रस्तुत नहीं करते तो वह जमानत याचिका पर फैसला सुना सकते हैं।
