तैयार रहिए NCR! कल खुलने जा रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, PM मोदी ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (28 मार्च) को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन करने जा रहे हैं। पीएम ने एक्स पर एक पोस्ट शेयर कर कल एयरपोर्ट का उद्घाटन करने की पुष्टि भी कर दी है। उन्होंने ट्वीट किया कि ‘कल (28 मार्च) उत्तर प्रदेश और एनसीआर के लोगों के लिए बेहद खास दिन है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के प्रथम चरण का उद्घाटन किया जाएगा। इससे व्यापार और कनेक्टिविटी को बढ़ावा मिलेगा और दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर भीड़ का दबाव भी कम होगा।
पीएम ने पोस्ट में आगे बताया कि ‘नोएडा एयरपोर्ट हमारे देश की प्रमुख ग्रीनफील्ड परियोजनाओं में से एक है। यात्री सेवाओं के अलावा, यहां एक मजबूत कार्गो इकोसिस्टम भी होगा, जिससे लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को काफी मजबूती मिलेगी।’
वहीं पीएमओ की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि ‘यह एयरपोर्ट भारत को ग्लोबल एविएशन हब बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। यह उत्तर प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयां प्रदान करेगा।’
11,200 करोड़ रुपये की लागत से बनकर तैयार
पहले चरण को लगभग 11,200 करोड़ रुपये की लागत से सरकार और प्राइवेट कंपनी ने मिलकर (पीपीपी मॉडल) तैयार किया है। शुरुआत में यह एयरपोर्ट सालाना 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने में सक्षम होगा, जिसे भविष्य में 7 करोड़ तक बढ़ाया जा सकता है। यह एयरपोर्ट सड़क, रेल और मेट्रो से सीधे जुड़ा होगा, जिससे दिल्ली-एनसीआर, आगरा और मथुरा जैसे शहरों के यात्रियों को फायदा मिलेगा।
एक अन्य विकल्प मिलेगा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरू होने के बाद दिल्ली एनसीआर के लोगों को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (पालम) के अलावा एक अन्य विकल्प मिलेगा। इससे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर दबाव कम होगा। यात्रियों को नोएडा- ग्रेटर नोएडा से पालम आने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
क्या है पीएम मोदी का शेड्यूल?
सुबह करीब 11:30 बजे, पीएम गौतम बुद्ध नगर के जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग का मुआयना करेंगे। इसके बाद, दोपहर करीब 12 बजे नोएडा एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे और वहां मौजूद लोगों को संबोधित करेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
एयरपोर्ट के आस-पास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हाल में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद एयरपोर्ट पहुंचे थे और अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए थे। प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त सतर्कता बरती है। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा के लिए सात नए पीआरवी/पीसीआर वाहन भी तैनात किए गए हैं, जो आधुनिक उपकरणों से लैस हैं। बयान में बताया गया कि एक वाहन यमुना एक्सप्रेस-वे पर जेवर टोल से फलैदा कट तक गश्त करेगा जबकि अन्य वाहन हवाई अड्डा मार्गों और आस-पास के क्षेत्रों में निगरानी रखेंगे।
एयरपोर्ट से कब-से उड़ान भरी जाएंगी?
आपको बता दें कि उड़ान अप्रैल से शुरू होने की संभावना है। देश के 60 से 65 प्रमुख शहरों के लिए नोएडा एयरपोर्ट से विमानों की उड़ान होगी। एयरपोर्ट का रनवे 3900 मीटर लंबा है। रनवे पर बड़े जहाज भी लैंडिंग कर सकते हैं। यहां कार्गो (सामान लाने-ले जाने) की भी सुविधा है।
