Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

कल जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन, जान लें कौन सा रास्ता रहेगा खुला और कहां करें पार्किंग

ग्रेटर नोएडा: यूपी वालों आपके लिए अच्छी खबर है. जेवर एयरपोर्ट में उड़ानों को लेकर इंतजार बस खत्म होने ही वाला है. कुछ घंटों के बाद इस नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ( जेवर) का उद्घाटन कर दिया जाएगा. जी हां, इस एयरपोर्ट का उद्घाटन कल यानी 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करने जा रहे हैं. उनके उद्घाटन करने के साथ ही यात्रियों को देश के प्रमुख शहरों तक सीधे उड़ानें मिलने लगेंगी, जिससे क्षेत्र में यात्रा और कनेक्टिविटी आसान हो जाएगी. कार्यक्रम को देखते हुए पूरे गौतम बुद्ध नगर जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. साथ ही रूट प्लान भी जारी किया है. ऐसे में कल घर से निकलने से पहले ये खबर जरूर पढ़ लें.

प्रधानमंत्री का कार्यक्रम सुबह लगभग 11:30 बजे एयरपोर्ट पहुंचने से शुरू होगा, जहां वे टर्मिनल भवन का निरीक्षण करेंगे और तैयारियों का जायजा लेंगे. इसके बाद दोपहर करीब 12 बजे वे एयरपोर्ट के पहले चरण का औपचारिक उद्घाटन करेंगे. उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री जनसभा स्थल पर पहुंचकर बड़ी संख्या में मौजूद लोगों को संबोधित करेंगे. उनके भाषण में क्षेत्रीय विकास, रोजगार सृजन और एयरपोर्ट से जुड़ी भविष्य की योजनाओं पर विशेष जोर रहने की संभावना है.

सुरक्षा ऐसी होगी कि पंक्षी भी पर न मार सके

सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी एसपीजी (SPG) के हाथों में है. इसके साथ ही स्थानीय पुलिस, पीएसी, ट्रैफिक पुलिस और खुफिया एजेंसियों के हजारों जवान तैनात किए गए हैं. पूरे इलाके को हाई सिक्योरिटी जोन में बदल दिया गया है. ड्रोन कैमरों और हाईटेक सीसीटीवी से लगातार निगरानी की जा रही है. आसपास के गांवों और होटलों में भी सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. हर एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर बैरिकेडिंग और चेकिंग सुनिश्चित की गई है.

ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन ने रूट प्लान जारी किया है. अलग-अलग शहरों से आने वाले वाहनों के लिए अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं. मेरठ और गाजियाबाद की ओर से आने वाले वाहन ईस्टर्न एक्सप्रेसवे के जरिए पहुंचेंगे, जबकि मथुरा और अलीगढ़ की दिशा से आने वाले वाहन यमुना एक्सप्रेसवे का उपयोग करेंगे. दिल्ली, नोएडा और ग्रेटर नोएडा से आने वालों के लिए भी विशेष रूट तय किए गए हैं.

इस तरह मार्ग बदले जाएंगे

  • जेवर-टप्पल मार्ग पर गोपालगढ़ की ओर से जेवर की ओर से आने वाले व्यावसायिक वाहनों को वापस टप्पल की ओर भेजा जाएगा.
  • खुर्जा से जेवर की ओर आने वाले व्यावसायिक वाहनों को खुर्जा से डायवर्ट किया जाएगा.
  • सिकंद्राबाद-ककोड़ से जेवर से आने वाले व्यावसायिक वाहनों को चचुरा नहर पुल से खैलरी की ओर डायवर्ट किया जाएगा.
  • आगरा से आने वाले यातायात को जेवर टोल से पहले बने यूटर्न से आगरा की ओर जाएंगे. यह यातायात अलीगढ़, टप्पल होकर गंतव्य को जा सकेगा.
  • नोएडा-ग्रेनो से यमुना एक्सप्रेसवे का प्रयोग कर आगरा की ओर से आने वाले वाहन परीचौक से अल्फा कॉमर्शियल गोलचक्कर होते हुए ईस्टर्न पेरीफेरल होकर गंतव्य को जा सकेंगे.
  • मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद से ईस्टर्न पेरीफेरल से यमुना एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल कर आगरा, मथुरा, लखनऊ व अन्य स्थानों को जाने वाले वाहन ईस्टर्न पेरीफेरल के बील अकबरपुर से उतरकर एनएच-91 से जा सकेंगे.
  • पलवल से ईस्टर्न पेरिफेरल द्वारा ग्रेनो एक्सप्रेसवे होकर अन्य स्थानों पर जाने वाले वाहनों का सिरसा लूप से उतरना प्रतिबंधित रहेगा.

इन वाहनों पर रहेगी रोक

कार्यक्रम के दिन सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक सभी मालवाहक और कॉमर्शियल वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह रोक रहेगी. कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है ताकि ट्रैफिक जाम से बचा जा सके. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्ग अपनाएं और अनावश्यक यात्रा से बचें.

15 जगह पार्किंग, हर वर्ग के लिए इंतजाम

इस आयोजन के लिए कुल 15 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जिनमें वीआईपी, मीडिया, अधिकारियों और आम जनता के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है. पार्किंग से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने के लिए शटल बसें चलाई जाएंगी. साथ ही हेल्प डेस्क और वालंटियर भी तैनात रहेंगे. करीब 2 लाख लोगों के कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है, जिसे देखते हुए भीड़ नियंत्रण के विशेष इंतजाम किए गए हैं. किसी भी समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 9971009001 जारी किया गया है. प्रशासन ने लोगों से सहयोग और नियमों के पालन की अपील की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp