Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

नोएडा: बॉटनिकल गार्डन 2 साल रहेगा बंद, शहर को मिलेगा इंटरनेशनल लेवल का नया रूप

नोएडा: उत्तर प्रदेश में नोएडा के सेक्टर-38ए स्थित बॉटनिकल गार्डन का जल्द ही नया रूप देखने को मिलेगा, लेकिन इसके लिए लोगों को इंतजार करना होगा। गार्डन के पुनर्विकास का काम जारी है और इसे पूरा होने में करीब दो साल का समय लगेगा। इस दौरान गार्डन आम लोगों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा।

वहीं, शहर के ट्रैफिक को सुगम बनाने के लिए सेक्टर-3 से सेक्टर-57 तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड परियोजना को भी फिर से गति देने की तैयारी शुरू हो गई है। इसके लिए एक बार फिर आईआईटी से सर्वे कराया जाएगा।

बॉटनिकल गार्डन में 2 साल तक एंट्री बंद

अधिकारियों के अनुसार, बॉटनिकल गार्डन के अपग्रेडेशन का काम केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD) द्वारा किया जा रहा है। इस दौरान आम लोगों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

गार्डन के वैज्ञानिक प्रभारी संदीप चौहान ने बताया कि इस परियोजना के तहत अलग-अलग थीम पर आधारित जोन विकसित किए जा रहे हैं, जिससे गार्डन को एक इंटरनेशनल लेवल का लुक दिया जाएगा।

थीम आधारित जोन और नए आकर्षण बनेंगे

पुनर्विकास के तहत गार्डन में कई नए सेक्शन और आकर्षण जोड़े जाएंगे। इनमें शामिल हैं ट्रेलिस गार्डन, डिस्कवरी गार्डन, बोन्साई सेक्शन, क्यूरियस प्लांट सेक्शन, गार्डन ऑफ सेंसिस और एक्वाटिक गार्डन। इसके अलावा कैक्टस, सक्युलेंट्स, पाम्स और जंगली खाद्य पौधों के लिए अलग-अलग विशेष एरिया भी विकसित किए जाएंगे।

एलिवेटेड रोड प्रोजेक्ट को फिर मिलेगी रफ्तार

नोएडा में लंबे समय से लंबित सेक्टर-13 रजनीगंधा चौक से सेक्टर-57 तक प्रस्तावित एलिवेटेड रोड परियोजना को एक बार फिर आगे बढ़ाने की तैयारी है। नोएडा अथॉरिटी ने इसके लिए आईआईटी को दोबारा सर्वे करने के लिए पत्र लिखा है। आईआईटी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी।

5.5 किलोमीटर लंबा होगा एलिवेटेड रोड

यह एलिवेटेड रोड सेक्टर-3 से सेक्टर-57 तक लगभग 5.5 किलोमीटर लंबा प्रस्तावित है। वर्षों से यह परियोजना कागजों में ही अटकी हुई है। वर्तमान में इस रूट पर आने-जाने वाले लोगों को रजनीगंधा चौक, सेक्टर-10, सेक्टर-21, चौड़ा मोड़, सेक्टर-12 और सेक्टर-57 तक कई ट्रैफिक सिग्नल से गुजरना पड़ता है, जिससे जाम और देरी की समस्या बनी रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp