ग्रेटर नोएडा में सनसनी: नवजात सौदेबाजी केस में नर्स और उसका साथी गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली पुलिस ने पांच दिन की नवजात का सौदा करने के मामले में फरार चल रहे आरोपित नर्स और उसके ब्वाय फ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया है। पूर्व में नर्स के प्रेमी को उसका पति बताया जा रहा था, लेकिन गिरफ्तारी के बाद पता चला के अभी दोनों ने शादी नहीं की है।
पुलिस के अनुसार, आरोपितों की पहचान पुष्पा रानी और अरुण कुमार के रूप में की गई है। पुष्पा मथुरा के सदर बाजार थाना अंतर्गत औरंगाबाद ग्राम की रहने वाली है। वहीं, अरुण बिसरख का रहने वाला है। पुलिस के अनुसार, पुष्पा ने तीन वर्ष पहले नवजीवन अस्पताल में काम करना छोड़ दिया था। वर्तमान में वह जरूरतमंदों के घरों में केयरटेकर का काम करती थी, लेकिन नवजीवन अस्पताल की मालिक यशिका गर्ग के संपर्क में थी।
बताया जा रहा है कि डिलीवरी के बाद मां बच्ची को छोड़ कर चली गई थी। इसके बाद यशिका ने नर्स से बच्ची का सौदा करने के लिए संपर्क किया था। जबकि नर्स के ब्वाॅय फ्रेंड ने ही बच्ची को गोद लेने के इच्छुक नोएडा निवासी दंपती से संपर्क कर 2.60 लाख रुपए में सौदा किया था। पुलिस ने दोनों आरोपितों को जेल भेज दिया है।
नवजात की खरद-फरोख्त में दलाली का आरोप लगने के बाद से नवजीवन अस्पताल में ताला लगा दिया गया है। अब स्वास्थ्य विभाग की टीम रिकाॅर्ड रूम के दस्तावेज खंगालने के बाद अस्पताल सील करने की कार्रवाई करेगी।
