Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

नोएडा के सेक्टर-121 में बहू ने किया अजीब व्यवहार, कोर्ट के आदेश पर FIR दर्ज

नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-121 स्थित एक सोसायटी में अंधविश्वास और पारिवारिक विवाद से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। एक महिला ने अपनी बहू और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कोर्ट के आदेश पर फेज-3 थाने में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।

पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से उनकी बहू खुद पर नौ शक्तियां और नौ माताओं का साया होने का दावा करती थी और इसी बहाने अजीब व्यवहार करती थी। महिला का कहना है कि इस तथाकथित इलाज के नाम पर बहू और उसके परिवार ने उनके बेटे से करीब 16 लाख रुपये वसूल लिए।

जेवर हड़पने का भी आरोप

महिला ने आरोप लगाया कि बहू घर से करीब 35 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने बहाने से लेकर चली गई, जिन्हें अब तक वापस नहीं किया गया। उनका कहना है कि बहू ने अपने माता-पिता और भाई-बहनों के साथ मिलकर इन गहनों का गबन किया है।

अमेरिका में नौकरी छुड़वाने का आरोप

पीड़िता के अनुसार, उनके बेटे की शादी दिल्ली के मयूर विहार निवासी महिला से हुई थी। शादी से पहले बहू की मानसिक स्थिति के बारे में जानकारी छिपाई गई। शादी के बाद बेटा अपनी पत्नी के साथ अमेरिका चला गया, जहां वह नौकरी करता था। आरोप है कि अमेरिका में भी बहू इसी तरह के दावे करती रही और झूमने-चिल्लाने लगी। उसने बेटे पर दबाव बनाकर उसकी नौकरी तक छुड़वा दी।

फ्लाइट में भी किया हंगामा

महिला का कहना है कि साल 2021 में भारत लौटते समय फ्लाइट में भी बहू ने हंगामा किया और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। उसने व्हाट्सऐप पर मैसेज कर दावा किया कि देवी-देवता उसे भारत ला रहे हैं और उसके साथ ‘नौ शक्तियां’ चल रही हैं।

इलाज की जगह तांत्रिकों का सहारा

भारत आने के बाद भी बहू का इलाज डॉक्टर से कराने के बजाय उसके परिवार ने तांत्रिकों और अंधविश्वास का सहारा लिया। महिला का आरोप है कि इस दौरान उनके बेटे से अलग-अलग बहानों से लाखों रुपये लिए गए।

मारपीट और जानलेवा हमले का आरोप

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर बहू के परिवार ने कई बार उनके घर में घुसकर मारपीट और हंगामा किया।

  • 22 सितंबर 2024 को बेटे पर जानलेवा हमला किया गया
  • 19 नवंबर 2024 को फिर घर में घुसकर मारपीट, लूटपाट और धमकी दी गई

महिला का दावा है कि इन घटनाओं की मेडिकल रिपोर्ट भी मौजूद है।

कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मामला

पीड़िता ने पहले पुलिस से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर अदालत का दरवाजा खटखटाया। कोर्ट के आदेश पर अब फेज-3 थाना पुलिस ने बहू समेत पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp