यीडा बोर्ड ने मंजूरी दी 3.58% जमीन दर वृद्धि, नई दरें 1 अप्रैल से लागू
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में संपत्ति खरीदना महंगा हो गया है। प्राधिकरण की शुक्रवार को हुई 89वीं बोर्ड बैठक में सभी श्रेणी की आवंटन दरों में 3.58 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है।
आवंटन दरों में लगातार वृद्धि से यीडा क्षेत्र में अपना घर बनाने का सपना आम लोगों की पहुंच से दूर होता जा रहा है। यमुना प्राधिकरण ने आगामी वित्त वर्ष के लिए अब तक का सबसे बड़ा बजट स्वीकृत किया है।
11811 करोड़ का बजट
धिकरण बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए 11811 करोड़ के बजट को स्वीकृति दी है, इसमें सबसे अधिक आठ हजार करोड़ रुपए जमीन अधिग्रहण के लिए आवंटित किए गए हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए प्राधिकरण ने अपनी अंशधारिता के सापेक्ष 300 करोड़ दिया है।
यीडा चेयरमैन एवं अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार की अध्यक्षता में शुक्रवार को आगामी वित्त वर्ष के लिए बजट बैठक हुई।
प्राधिकरण ने बोर्ड के सामने आगामी वित्त वर्ष के लिए 11811.01 करोड़ का बजट प्रस्ताव स्वीकृति के लिए रखा, जिसे बोर्ड ने अपनी मंजूरी दे दी। वित्त वर्ष 2025-26 में प्राधिकरण ने 9991.85 करोड़ के बजट को स्वीकृति दी थी।
मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी पर काम
औद्योगिक निवेश के लिए जमीन की मांग पूरा करने के लिए प्राधिकरण अगले वित्त वर्ष में सबसे अधिक राशि इसी मद में खर्च करेगा। प्राधिकरण ने इसके लिए आठ हजार करोड़ रुपए आवंटित किए हैं। विकास कार्यों पर 2011.93 करोड़ रुपए खर्च होंगे।
एयरपोर्ट की वजह से प्राधिकरण मल्टी माडल कनेक्टिविटी पर काम कर रहा है। इसलिए बजट में इसके लिए 300 करोड़ का आवंटन किया है। पहले भी प्राधिकरण ने इस मद में 300 करोड़ रुपए का आवंटन किया था।
प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह का कहना है कि नई दरें एक अप्रैल से प्रभावी हो जाएंगी।
अपने घर का सपना हुआ और दूर
यीडा ने सभी श्रेणी में आवंटन दरों में बढ़ोतरी की है। नोएडा एयरपोर्ट के नजदीक अपने घर का सपना देख रहे लोगों के लिए यह दर वृद्धि जरूर अखरेगी।
प्राधिकरण अभी तक आवासीय श्रेणी में 35000 रुपए प्रति वर्गमीटर की दर से भूखंड आवंटन कर रहा था, लेकिन अब भूखंड का आवंटन 36260 रुपए प्रति वर्गमीटर हो गया है।
यानि 100 वर्गमीटर का भूखंड लेने के लिए अभी तक 35 लाख रुपए का बोझ जेब पर पड़ता था, अब यह बढ़कर 36,26,000 रुपए हो गया है। रेरा पंजीकरण के बाद यीडा 973 आवासीय भूखंड की योजना निकालने जा रहा है। इस योजना में भी अब नई दरें लागू होंगी।
