Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

नोएडा में संपत्ति विवाद: कारोबारी को धोखे का सामना, आरोपी ने बकाया रकम नहीं चुकाई

नोएडा। दुबई में रहने वाले कारोबारी को जानकार समेत दो लोगों को पूरी रकम लिए बिना सेक्टर 18 की संपत्ति पर कब्जा देना भारी पड़ गया। दोनों ने सौदे के मुताबिक न तो पूरी रकम चुकाई और न ही अब संपत्ति पर कब्जा लौटा रहे हैं। कारोबारी के विरोध करने पर धमकी दे रहे हैं।

कारोबारी ने कोर्ट के आदेश पर दोनों आरोपितों के खिलाफ सेक्टर 20 थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। नोएडा सेक्टर 76 स्थित आम्रपाली सिलिकन सोसायटी के रहने वाले शाकिर हुसैन दुबई में कारोबार करते हैं। उन्होंने सितंबर 2016 में बैंक से नीलाम सेक्टर 18 में एक संपत्ति खरीदी थी।

वह दिल्ली रानीबाग के नवीन सचदेवा को करीब 10 साल से जानते हैं। उसको समय-समय पर रकम उधार भी देते रहते हैं। नवीन ने दिल्ली हरीनगर के भरत मेहता संग मिलकर 2019 में नौ करोड़ रुपये में संपत्ति का सौदा किया था। एग्रीमेंट टू सेल में तय हुआ कि इस रकम में से तीन करोड़ रुपये नवीन व शेष छह करोड़ रुपये भरत द्वारा दिए जाएंगे।

आरोप है कि दोनों ने छह करोड़ रुपये देकर संपत्ति पर कब्जा ले लिया। उसके बाद शाकिर ने शेष रकम देने और बैनामा कराने को बोला तो आरोपित टरकाते रहे। 2021 में आरोपितों ने चाल चली। शाकिर को छह करोड़ रुपये वापस देकर संपत्ति लेने को बोला। शाकिर ने छह करोड़ रुपये का चेक भरत को दिया तो दोनों ने इस प्रस्ताव को भी रद़्द कर दिया।

अब आरोपित ने तो बकाया रकम दे रहे हैं और न ही संपत्ति पर कब्जा दे रहे हैं। इस बारे में बात करने पर अभद्रता करते हैं और धमकी देते हैं। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। एसीपी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर नवीन व भरत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp