Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

ग्रेटर नोएडा में सिलिंडर की किल्लत के बीच पुलिस तैनात, हंगामे पर लगाम

ग्रेटर नोएडा: एलपीजी सिलिंडर के वितरण को लेकर हालात बिगड़ते दिख रहे हैं। उपभोक्ताओं में बढ़ती नाराजगी और कई जगहों पर हुई मारपीट तथा हाथापाई की घटनाओं के बाद प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। अब सिलिंडर का वितरण में पुलिस की मदद ली जाएगी। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ सिलिंडर का वितरण किया जाएगा।

किल्लत और देरी से बढ़ी नाराजगी

पिछले कुछ दिनों से जिले में एलपीजी सिलिंडर की किल्लत और डिलीवरी में देरी की शिकायतें तेज हो गई हैं। पश्चिम एशिया में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर सप्लाई प्रभावित होने से घरेलू उपभोक्ताओं में पैनिक माहौल बन गया है। कई एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं, जबकि बुकिंग के बावजूद समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा।

एजेंसियों पर हंगामा और मारपीट

इस दौरान कुछ जगहों पर उपभोक्ताओं ने हंगामा किया, एजेंसियों पर तोड़फोड़ की कोशिश की और सिलिंडर वितरकों (हाॅकर्स) के साथ मारपीट की घटनाएं सामने आईं। खासकर ग्रामीण इलाकों में स्थिति ज्यादा खराब बताई जा रही है, जहां हाॅकर्स अब डिलीवरी के लिए जाने से कतराने लगे हैं।

पुलिस सुरक्षा में होगा वितरण

लोगों की बढ़ती आक्रामकता को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का फैसला लिया है। गौतमबुद्ध नगर जिले की प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम ने बताया कि एलपीजी एजेंसियों पर पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाएगी ताकि वितरण सुचारू रूप से हो सके और किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो।

उन्होंने कहा कि जिले में पर्याप्त स्टाक उपलब्ध है, लेकिन अफवाहों के कारण अनावश्यक भीड़ उमड़ रही है। उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे केवल बुकिंग के आधार पर ही सिलिंडर लें और बिना बुकिंग के एजेंसियों पर न पहुंचें।

कालाबाजारी पर होगी सख्त कार्रवाई

साथ ही कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि एजेंसियों के आसपास पुलिसकर्मी और पीसीआर वैन तैनात रहेंगी। इससे वितरकों को सुरक्षा मिलेगी और उपभोक्ताओं को भी व्यवस्थित तरीके से सिलिंडर प्राप्त हो सकेगा।

निगरानी के लिए बनाई गई टीमें

जिला मजिस्ट्रेट के निर्देशन में टीमों का गठन किया गया है, जो नियमित निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि घरेलू उपभोक्ताओं को किसी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी। यह कदम लोगों की सुरक्षा और सुचारू वितरण सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp