Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

साहस के लिए सलाम: आटो चालक ने जोखिम उठाकर नाले में कूदे व्यक्ति को बचाने की कोशिश की

नोएडा। फेज दो थाना क्षेत्र स्थित एनएसईजेड मेट्रो स्टेशन के पास गहरे गंदे नाले में कूदे व्यक्ति को बचाने का एक टेंपो चालक ने दो बार प्रयास किया, लेकिन व्यक्ति नहीं मिला। सूचना पर पहुंची एनडीआरएफ और पुलिस टीम ने व्यक्ति को बाहर निकाला। अस्पताल ले जाने पर व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति की पहचान करने में पुलिस जुटी है। आटो चालक के साहस और मानवीयता की लोगों ने प्रशंसा की।

दादरी के नई आबादी का रहने वाला सलमान खान ऑटो चलाता है। वह मंगलवार रात को सवारी छोड़ने के लिए एनएसईजेड मेट्रो स्टेशन के पास आया था। रात करीब 11 बजकर 20 मिनट पर मेट्रो स्टेशन के पास नाले में एक व्यक्ति डूबते हुए देखा। सलमान ने नाले के किनारे उतरते हुए व्यक्ति को बचाने का प्रयास किया।

करीब ढाई घंटे चला सर्च अभियान

तेज बहाव होने के कारण व्यक्ति बह कर आगे निकल गया। सलमान किनारे ही कीचड़ में फंसकर रह गया। लोगो ने पुलिस को सूचना देते हुए सलमान को बाहर निकाला, लेकिन व्यक्ति के पास में हलचल करने की आशंका पर सलमान फिर से नाले में उतरा। पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव कार्य प्रारंभ किया गया।

अग्निशमन विभाग की टीम, डीसीपी और एडिशनल डीसीपी भी मौके पर पहुंचे। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ टीम ने पहुंचकर डूबे व्यक्ति की तलाश के लिए करीब ढाई घंटे सर्च अभियान चलाया। रात करीब डेढ़ बजे डूबे व्यक्ति को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मृतक व्यक्ति की उम्र करीब 30 वर्ष है। उसकी शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है। तीनों जोन के थानों के अलावा इंटरनेट मीडिया की मदद ली जा रही है। शुरआती जांच में व्यक्ति के नशे में कूदकर आत्महत्या करने की आशंका है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की भी मदद ली जा रही है।

पुलिस रही मुस्तैद, विभागों में दिखा सामंजस्य

सेक्टर-150 में डूबने से हुई इंजीनियर युवराज की मौत की घटना को ध्यान में रखते हुए पुलिस मुस्तैद रही। व्यक्ति की जान नहीं बच सकी, लेकिन एनडीआरएफ, अग्निशमन और पुलिस विभाग के बीच सामंजस्य देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp