ग्रेटर नोएडा में MBA की छात्रा ने 13वीं मंजिल से कूदकर की आत्महत्या, होली की छुट्टी पर आई थी घर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गौड़ सौंदर्यम सोसायटी में मंगलवार को एमबीए की छात्रा ने फ्लैट की बालकनी की 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान शिविका ठकराल (25) के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची बिसरख कोतवाली पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार विनय ठकराल परिवार के साथ शेरोन टावर गौर सौंदर्यम सोसायटी में रहते हैं। उनकी पुत्री मोहाली से एमबीए की पढ़ाई कर रही थी।
मोहाली में नौकरी भी करती थी। वह होली की छुटी पर घर आई हुई थी। सोमवार रात सभी लोग खाना खाकर अपने-अपने कमरे में सो गए थे।
मंगलवार सुबह गार्डों ने शिविका की मौत की जानकारी
मंगलवार सुबह उन्हें गार्डों के माध्यम से जानकारी मिली कि पुत्री शिविका ठकराल ने आत्महत्या कर ली है। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही सोसायटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को घटना स्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। कोतवाली प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा का कहना है कि मामले में परिजन ने कोई शिकायत नहीं दी है।
