Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

दिल्ली : पुलिस ने शुरू की जांच, प्लास्टिक बैग के अंदर सड़ा-गला शव मिलने से हड़कंप

राजधानी दिल्ली के गाजीपुर इलाके से सनसनीखेज मामला सामने आया है। हिंडन नहर के पास एक प्लास्टिक की थैली में बंद एक व्यक्ति का सड़ा-गला शव पाया गया। थैली को भूरे रंग के टेप से लपेटा गया था। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को शनिवार शाम मुल्ला कॉलोनी के सामने हिंडन नहर के एक सूखे क्षेत्र के पास एक संदिग्ध वस्तु पड़ी होने की सूचना मिली थी।

थैली में मिला सड़ा गला शव

पुलिस अधिकारी ने कहा कि गाजीपुर थाने की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उसे भूरे रंग के टेप से कसकर बंद की गई एक प्लास्टिक की थैली मिली। उसे खोलने पर एक सड़ा-गला मानव शव मिला। घटनास्थल की घेराबंदी कर दी गई और सबूत इकट्ठा करने के लिए अपराध और फोरेंसिक टीम को बुलाया गया।

पोस्टमार्टम का इंतजार कर रही पुलिस

प्रारंभिक जांच में अंदेशा जताया गया है कि व्यक्ति की हत्या कहीं और की गई होगी और उसका शव नहर में फेंक दिया गया होगा। शव कई दिन पुराना लग रहा था और बुरी तरह सड़ चुका था। पहचान और पोस्टमार्टम के लिए उसे शवगृह में रख दिया गया है। उन्होंने कहा कि मृत्यु का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चलेगा।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने बताया कि आस-पास के थानों, गुमशुदा व्यक्तियों के रिकॉर्ड और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के जरिए मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारी ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय खुफिया जानकारी जुटाने के लिए कई टीम बनाई गई है। सुराग के लिए आस-पास के इलाकों की तलाशी ली जा रही है। पुलिस ने बताया कि एक प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है।

NEWS SOURCE Credit :lalluram

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp