Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

2047 तक पूरी तरह विकसित राज्य के रूप में खड़ा होगा बिहार, कैमूर की सभी सीटों पर एनडीए की जीत तय

बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य ने विकास की नई दिशा पकड़ी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का सपना है कि वर्ष 2047 तक बिहार पूरी तरह विकसित राज्य के रूप में खड़ा होगा। सभापति ने कहा कि पहले बिहार में बिजली और सड़क केवल सपनों की चीजें थीं, लेकिन आज यह वास्तविकता है। गांव से लेकर शहर तक सड़कों का जाल बिछा है उनकी मरम्मत की व्यवस्था भी है। वहीं 22 घंटे से अधिक बिजली आपूर्ति मिल रही है। यह बिहार की बदलती तस्वीर का उदाहरण है।

नीतीश कुमार की सक्रियता से विकास

अवधेश नारायण सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार रोजाना फील्ड में सक्रिय रहते हैं लगातार निगरानी करते हैं और कभी थकते नहीं हैं। इसी कारण विकास कार्य जमीन पर तेजी से हो रहे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि मुख्यमंत्री का विजन और मेहनत ही 2047 के विकसित बिहार की नींव रख रही है।

विपक्ष पर साधा निशाना

विपक्ष की राजनीति पर हमला बोलते हुए सभापति ने कहा कि बिहार में राजनीतिक स्तर बहुत नीचे गिर चुका है। विपक्ष केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहा है। सम्राट चौधरी और मंगल पांडे पर लगाए गए प्रशांत किशोर के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी पर सवाल उठाना ठीक है लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी अनुचित है। साथ ही यह भी कहा कि प्रशांत किशोर का बिहार की राजनीति पर कोई असर नहीं होगा।

एनडीए की जीत का भरोसा

भभुआ में मीडिया से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि कैमूर जिले की चारों विधानसभा सीटों पर एनडीए की जीत तय है। जनता जातीय उन्माद से ऊपर उठकर विकास को देख रही है और यह काम केवल एनडीए सरकार ने किया है।

तेजस्वी–राहुल पर तंज

अवधेश नारायण सिंह ने तेजस्वी यादव और राहुल गांधी की यात्राओं को केवल दिखावा करार दिया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं में सामंजस्य नहीं है और बिहार की जनता इनके भ्रम में नहीं पड़ेगी। इसके विपरीत नीतीश कुमार का बिहार मॉडल देश और दुनिया में सराहा जा रहा है।

NEWS SOURCE Credit :lalluram

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp