Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

दिल्ली में रामलीला और दुर्गा पूजा के लिए समितियों का किया गठन सीएम रेखा गुप्ता ने

राजधानी में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता(Rekha Gupta) ने रामलीला और दुर्गा पूजा उत्सवों के सफल आयोजन के लिए विशेष समितियों के गठन की घोषणा की है। इन समितियों की अध्यक्षता कैबिनेट के वरिष्ठ मंत्री करेंगे, ताकि किसी भी बाधा या चुनौती का समय रहते समाधान सुनिश्चित किया जा सके। मुख्यमंत्री कार्यालय के बयान के अनुसार, समाज कल्याण मंत्री रविंद्र इंद्राज सिंह को रामलीला समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। समिति में बीजेपी के कई विधायक भी शामिल हैं, जिनमें अशोक गोयल, अनिल कुमार शर्मा, श्याम शर्मा, संजय गोयल और संदीप सहरावत प्रमुख हैं। मंडलायुक्त नीरज सेमवाल को समिति का सदस्य सचिव बनाया गया है। समिति की जिम्मेदारी होगी कि राजधानी में विभिन्न स्थानों पर होने वाली रामलीला के आयोजनों में किसी प्रकार की दिक्कत न आए और स्थानीय स्तर पर आवश्यक सहयोग समय पर उपलब्ध कराया जा सके।

मनजिंदरसिंह सिरसा करेंगे समिति की अध्यक्षता

जानकारी के अनुसार, दुर्गा पूजा समारोह से संबंधित समिति की अध्यक्षता दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा करेंगे। दुर्गा पूजा राजधानी में बंगाली समाज के साथ-साथ अन्य समुदायों द्वारा भी बड़े स्तर पर मनाया जाने वाला प्रमुख पर्व है। समिति का मुख्य कार्य यह सुनिश्चित करना होगा कि विभिन्न पंडालों और आयोजनों के लिए प्रशासनिक मंजूरी, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और यातायात प्रबंधन समय पर किया जाए, ताकि समारोह सुचारू और सुरक्षित रूप से आयोजित हो सके।

रेखा गुप्ता ने समितियों के उद्देश्य को स्पष्ट किया

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बनाई गई समितियां केवल आयोजनों के औपचारिक प्रबंधन के लिए नहीं हैं, बल्कि इनका उद्देश्य उत्सवों से जुड़ी संभावित चुनौतियों और कठिनाइयों का त्वरित समाधान करना भी है। मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि राजधानी में रहने वाले सभी समुदाय अपने धार्मिक और सांस्कृतिक पर्व शांति और सौहार्द्र के साथ मना सकें।

जनता के बीच बेहतर तालमेल होगा स्थापित

दिल्ली सरकार का मानना है कि रामलीला और दुर्गा पूजा आयोजनों के लिए बनाई गई समितियों के गठन से आयोजनों में पारदर्शिता और जिम्मेदारी दोनों बढ़ेंगी। सरकार ने यह भी कहा कि इससे स्थानीय प्रशासन, आयोजक समितियों और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा। इसके सकारात्मक असर से न केवल धार्मिक आस्थाओं का सम्मान होगा, बल्कि दिल्ली की सांस्कृतिक विविधता और साझा विरासत को भी मजबूती मिलेगी। यह निर्णय कि रामलीला और दुर्गा पूजा आयोजनों के लिए विशेष समितियां बनाई जाएंगी, राजधानी में धार्मिक आयोजनों के प्रबंधन को लेकर एक दूरदर्शी कदम माना जा रहा है। सरकार का उद्देश्य बड़े त्योहारों के दौरान सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

NEWS SOURCE Credit :lalluram

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp