ग्रेटर नोएडा में शिक्षिका का पीछा करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 1090 हेल्पलाइन से मिली मदद
ग्रेटर नोएडा। कासना कोतवाली पुलिस ने एक कंपोजिट विद्यालय की शिक्षिका को परेशान करने वाले मनचले युवक को गिरफ्तार किया। आरोपित रोजाना स्कूल के बाहर खड़ा होकर छुट्टी के बाद घर तक शिक्षिका का पीछा कर परेशान कर रहा था।
जागरूक शिक्षिका ने 1090 पर शिकायत दर्ज करा दी। पुलिस ने 1090 की शिकायत को तत्काल गंभीरता से लेते हुए जांच कर आरोपित को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया
प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र शुक्ला के मुताबिक, क्षेत्र के एक कंपोजिट विद्यालय में सेवारत संविदा शिक्षिका ने 1090 पर फोन कर आरोपित द्वारा परेशान करने की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया था कि आरोपित करीब 20 दिन से उसे पीछा कर परेशान कर रहा है। महिला हेल्पलाइन से कोतवाली पुलिस को सूचना मिली।
सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपित की पहचान
रविवार को अवकाश होने के कारण स्कूल बंद था। फिर भी पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज से आरोपित की पहचान अंकुश राय निवासी दलेलगढ़ गांव के रूप में कर गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया आरोपित पहले स्कूल के बाहर मोबाइल सिम बेचने की दुकान लगाता था। तभी शिक्षिका को देखा। बाद में दुकान बंद कर दी थी।
इसके बाद भी छुट्टी होने से पहले ही स्कूल के बाहर पहुंच जाता था। बस स्टैंड तक रोजाना शिक्षिका का पीछा करता था। कई बार शिक्षिका से जबरन बात करने की कोशिश भी की थी। विरोध करने के बाद भी आरोपित पीछा करता रहा। कई बार बस में बैठकर सिकंदराबाद तक भी गया। परेशान शिक्षिका ने महिला हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई थी।
