नोएडा: लुक्सर जेल में नाइजीरियन कैदी की इलाज के दौरान मौत
नोएडा: ग्रेटर नोएडा में स्थित लुक्सर जेल में बंद एक नाइजीरियन कैदी की मेडिकल ट्रीटमेंट के दौरान मौत हो गई। वह मई 2023 से एनडीपीएस एक्ट के उल्लंघन और वीजा की अवधि समाप्त होने के मामले में जेल में था। थाना बीटा-2 पुलिस ने आरोपी को पकड़कर जेल भेजा था।
जेल प्रशासन के मुताबिक, नाइजीरिया के सोलोमन नामक कैदी लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। उसकी दोनों किडनी खराब हो चुकी थीं। पहले जेल के अस्पताल में उसका उपचार हुआ, लेकिन हालत बिगड़ने पर दो दिन पूर्व दिल्ली के एम्स में भेजा गया था।
इसके बाद रविवार सुबह उसे कासना के जिम्स अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जेल प्रशासन के मुताबिक, घटना की जानकारी संबंधित दूतावास को दे दी गई है। साथ ही उसके तीन साथियों को भी सूचित कर दिया गया है।
जेल अधीक्षक ने क्या कहा?
जेल अधीक्षक बृजेश कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी पहले ही भारत छोड़कर अपने देश नाइजीरिया वापस चली गई है। हालांकि, उसके दोस्त अल्फा-2 स्थित मित्रा अपार्टमेंट में रहते हैं। शव उसके मित्रों या संबंधित देश की दूतावास को सौंपा जाएगा। यदि कोई भी शख्स या प्रतिनिधि नहीं आता है, तो शव को डीप फ्रीजर में सुरक्षित रखा जाएगा।
इस पूरे मामले में जेल प्रशासन और स्थानीय पुलिस जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी करने में लगी हुई है। साथ ही, मौत के कारणों की जांच के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
पुलिस कमिश्नरेट प्रवक्ता ने क्या कहा?
गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट प्रवक्ता ने बताया कि 5 अप्रैल को थाना ईकोटेक प्रथम पर जिम्स हॉस्पिटल, ग्रेटर नोएडा से मीमो के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई। बताया गया कि एक नाइजीरियन मूल का विचाराधीन बंदी सोलोमन उम्र लगभग 66 वर्ष को उपचार के लिए जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है।
