भाजपा की स्टार प्रचारकों की सूची में रेखा गुप्ता और मनोज तिवारी, बंगाल में प्रचार की रणनीति मजबूत
नई दिल्लीः भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है. इस सूची में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से सांसद मनोज तिवारी को भी जगह दी गई है. ऐसे में आगामी दिनों में सीएम रेखा गुप्ता और सांसद मनोज तिवारी पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार करते नजर आएंगे.
दरअसल, भाजपा द्वारा पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए कुल 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की गई है. इसमें प्रधानमंत्री मोदी के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ कई पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और कई राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री शामिल हैं.
बता दें कि बिहार चुनाव के बाद यह दूसरा मौका है जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को बीजेपी ने अपने स्टार प्रचारकों की सूची में शामिल किया है. इससे पहले बिहार विधानसभा चुनाव में भी दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने बतौर स्टार प्रचारक चुनाव प्रचार किया था. उल्लेखनीय है कि शनिवार को ही रेखा गुप्ता पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मेदिनीपुर जिले की आठ विधानसभा सीटों के भाजपा प्रत्याशियों के नामांकन में शामिल होकर दिल्ली लौटी हैं. अब उनके स्टार प्रचारक बनने के बाद अलग-अलग जिलों में भी चुनावी जनसभाएं तय होने की संभावना है.
वहीं, सांसद मनोज तिवारी पहले भी बिहार और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के समय स्टार प्रचारक की जिम्मेदारी निभा चुके हैं. मनोज तिवारी को बिहार का होने के चलते पश्चिम बंगाल में प्रभावी माना जाता है. पश्चिम बंगाल के कई जिलों की सीमा बिहार से लगती है, साथ ही बड़ी संख्या में बिहार के लोग बंगाल में रहते भी हैं. इससे मनोज तिवारी को स्टार प्रचारक बनाकर भाजपा वहां पूर्वांचल और बिहार के वोटरों को साधने का प्रयास करती है. इसी क्रम में दिल्ली में भी बंगाल के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं इसलिए दिल्ली की मुख्यमंत्री को पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची में जगह देना भी चुनावी रणनीति का हिस्सा है.
बता दें कि पश्चिम बंगाल में इस बार दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं. मुख्य विपक्षी दल भाजपा इस बार किसी भी तरह से अपनी सरकार बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती है. जबकि, ममता बनर्जी भी लगातार चौथी बार चुनाव जीतकर भाजपा को सत्ता में आने से रोकना चाहती है. पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा ने बंगाल की 294 विधानसभा सीटों में से 75 सीटें जीतकर के मुख्य विपक्षी पार्टी का दर्जा हासिल कर लिया था. साथ ही भाजपा प्रत्याशी रहे शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चैलेंज देकर चुनाव भी हरा दिया था. इसके बाद से भाजपा के हौसले बुलंद हैं और वह इस बार बंगाल में अपनी सरकार बनाने के लिए बेताब है.
