Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

नोएडा की हाईराइज सोसायटियों में सुरक्षा जांच, 3 दिन चलेगा पुलिस का विशेष अभियान

नोएडा: गौतमबुद्ध नगर की तेजी से हाईराइज सोसायटियों में तब्दील हो रही आवासीय सोसायटियों की सिक्योरिटी व्यवस्था कैसी है? यहां के निवासी और जिम्मेदार सिक्योरिटी एजेंसियां सुरक्षा के जरूरी स्टैंडर्ड्स का सही पालन कर रही हैं, या सिर्फ कागजों पर औपचारिकता निभाई जा रही है?

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सोसायटियों की सिक्योरिटी सिस्टम की जांच के लिए 5 से 7 अप्रैल तक तीन दिनों का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। तीनों जोनों में अभियान के बाद सिक्योरिटी ऑडिट की रिपोर्ट शीघ्र पुलिस आयुक्त को प्रस्तुत की जाएगी। गौतमबुद्ध नगर में 400 से अधिक हाईराइज सोसायटियां हैं। यहां आरडब्ल्यूए, एओए और सिक्योरिटी एजेंसियां बेसिक सुविधाओं से लेकर सुरक्षा तक का दायित्व निभाती हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि आरडब्ल्यूए, एओए व सिक्योरिटी एजेंसियों के साथ तालमेल बिठाकर जांच होगी।

पहले चरण में होगी जांच

पहले चरण में जांच होगी कि सोसायटी के सिक्योरिटी गार्ड्स से लेकर बाकी स्टाफ का वेरीफिकेशन हो चुका है या नहीं। आने-जाने वालों के नाम, पते व मोबाइल नंबर नोट किए जाते हैं और रजिस्टर या ऐप में सुरक्षित रखे जाते हैं। सीसीटीवी कैमरों की कंडीशन, एंगल, मेंटेनेंस और क्वालिटी कैसी है? रात के समय सिक्योरिटी व्यवस्था कैसे है? सोसायटी के अंदर-बाहर इलाकों में सुरक्षा के क्या प्रबंध हैं? यदि जांच में कोई कमी मिलती है तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वरिष्ठ अधिकारी इसकी समीक्षा करेंगे

इन कमियों को तुरंत दूर कराया जाएगा, ताकि सिक्योरिटी सिस्टम मजबूत बने और किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। वहीं, पुलिस स्थानीय निवासियों को जागरूक करेगी कि किसी संदिग्ध हरकत की जानकारी फौरन लोकल पुलिस को दें। पुलिस सिक्योरिटी एजेंसियों से सेक्टर, सोसायटी व मॉल आदि में तैनात गार्डों का डेटा इकट्ठा करेगी, ताकि संदिग्ध व्यक्तियों को चिन्हित किया जा सके। इसके लिए जिले के सभी 26 थाना प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। डीसीपी व वरिष्ठ अधिकारी इसकी समीक्षा करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp