नोएडा एक्सप्रेस-वे पर ट्रैफिक डायवर्जन: सेक्टर-108 अंडरपास निर्माण से बदला रूट
नोएडा के सेक्टर-108 के पास छोटा अंडरपास पर बड़ा अंडरपास बनाने का काम शुरू हो चुका है जिसके चलते ट्रैफिक पुलिस ने नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे की तरफ निकलने वाले लोगों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में जानकारी दी गई है कि नोएडा अथॉरिटी ने 6.10 किलोमीटर चेनज (सेक्टर 108 के संकरे अंडरपास के पास) पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है, जिसके चलते ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए प्रमुख सर्विस सड़कों पर प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए गए हैं।
ट्रैफिक पुलिस द्वारा जारी एडवाइजरी के मुताबिक, सेक्टर 82 से ग्रेटर नोएडा की ओर जाने वाले एग्जिट से लेकर एक्सप्रेसवे की ओर सेक्टर 82 की एंट्री तक की सर्विस रोड को ट्रैफिक के आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है। इसी तरह सेक्टर 130 सुलतानपुर एग्जिट से सेक्टर 128 एग्जिट (नोएडा की तरफ) तक सर्विस रोड पर ट्रैफिक को डायवर्जन के जरिए कंट्रोल किया जा रहा है।
ट्रैफिक योजनाबद्ध तरीके से डायवर्ट
पुलिस उपायुक्त (ट्रैफिक) शैलेंद्र कुमार सिंह ने एक बयान में कहा, ‘निर्माण के दौरान सुरक्षित और सुगम ट्रैफिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए, प्रभावित सर्विस रोड पर ट्रैफिक को योजनाबद्ध तरीके से डायवर्ट किया जा रहा है।’
इन रूट्स पर आने-जाने वाले ध्यान दें!
अधिकारियों ने बताया कि नोएडा से ग्रेटर नोएडा (सेक्टर 127, 128, 129 और 132 जैसे सेक्टर) की ओर जाने वाले वाहन चालकों को अब सेक्टर 108 अंडरपास डायवर्जन सिस्टम से भेजा जा रहा है। वाहन चालकों को तय की जगहों से यू-टर्न लेना होगा। और जेपी फ्लाईओवर से चढ़ने से पहले 45 मीटर सर्विस रोड से होकर गुजरना होगा।
इसी तरह, सेक्टर 132, 128 और 129 से नोएडा या दिल्ली की ओर आने वाले ट्रैफिक को बड़ा गोलचक्कर और 45 मीटर सर्विस रोड की तरफ भेजा रहा है। यहां से वाहन को तय किए गए कट्स के जरिए वापस एक्सप्रेसवे पर आ सकेंगे। सेक्टर 82, 108, 110 और आसपास के गांवों से आने वाले वाहनों को भी एक्सप्रेसवे पर पहुंचने से पहले सेक्टर 108 अंडरपास और जेपी फ्लाईओवर लूप सिस्टम के जरिए डायवर्ट किया जा रहा है। सेक्टर 92 और 93 से आने-जाने वाले यात्रियों को नोएडा या दिल्ली की ओर यात्रा करते समय पंचशील अंडरपास का इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है।
सेक्टर 108 अंडरपास से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित
आपको बता दें कि ट्रैफिक एडवाइजरी में कह गया है कि निर्माण अवधि के दौरान सेक्टर 108 अंडरपास से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी, जबकि नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के मुख्य मार्ग पर ट्रैफिक सामान्य रूप से चलता रहेगा।
