ग्रेटर नोएडा में आवारा कुत्ते का हमला, पूर्व रक्षा अधिकारी गंभीर रूप से घायल
ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला दनकौर थाना क्षेत्र की अजनारा पनोरमा सोसाइटी से सामने आया है, जहां एक आवारा कुत्ते ने रक्षा मंत्रालय के रिटायर्ड अधिकारी पर हमला कर दिया। इस हमले में अधिकारी के शरीर पर 13 जगह काटने के निशान मिले हैं।
सैर के दौरान अचानक हमला
पीड़ित डॉ. दीर्घ नारायण, जो 1977 बैच के सिविल सर्वेंट रह चुके हैं और करीब 27 वर्षों तक रक्षा मंत्रालय में सेवाएं दे चुके हैं, अपनी पत्नी के साथ सोसाइटी परिसर में टहल रहे थे। इसी दौरान एक आवारा कुत्ता अचानक उन पर झपट पड़ा। डॉ. नारायण ने बताया कि उन्होंने बचाव की कोशिश की, लेकिन कुत्ता लगातार हमला करता रहा। उनकी पत्नी ने भी कुत्ते को भगाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं भागा।
पत्नी के शोर मचाने पर बची जान
घटना के दौरान डॉ. नारायण की पत्नी ने जोर-जोर से शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। काफी प्रयास के बाद कुत्ते को भगाया जा सका। गंभीर रूप से घायल डॉ. नारायण को तुरंत यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
निवासियों में दहशत, कार्रवाई की मांग
घटना के बाद सोसाइटी के निवासियों में भारी डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि सोसाइटी में करीब 50 परिवार रहते हैं और लंबे समय से आवारा कुत्तों की समस्या बनी हुई है। निवासियों ने कई बार यमुना प्राधिकरण से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने दनकौर थाने में शिकायत देकर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्राधिकरण पर लापरवाही के आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के बावजूद आवारा कुत्तों को पकड़कर शेल्टर होम में भेजने का काम प्रभावी तरीके से नहीं हो रहा है। इसी लापरवाही के चलते लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है।
