Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

DND से सेक्टर-150 तक 23 किमी एलिवेटेड रोड, 20 मिनट में पूरा होगा सफर

नोएडा में यमुना पुस्ते पर बनने वाले एक्सप्रेसवे का सर्वेक्षण करीब 15 दिन में शुरू हो जाएगा। यह एक्सप्रेसवे नोएडा से यमुना एक्सप्रेसवे तक बनेगा। इसके बनने से दिल्ली से आकर नोएडा होते हुए ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेसवे की तरफ जाने वालों का सफर आसान हो जाएगा।

जेवर में एयरपोर्ट शुरू होने से वाहनों का दबाव और बढ़ जाएगा। ऐसे में एक्सप्रेसवे पर जाम लगेगा। इसी क्रम में करीब एक साल पहले यमुना पुस्ते पर एक्सप्रेसवे बनाने का निर्णय लिया गया था। पिछले साल ही हुई बोर्ड बैठक में इसको बनाने का जिम्मा यूपीडा को दिया गया था। करीब डेढ़ महीने पहले यूपीडा की सलाहकार एजेंसी ने मौके पर आकर स्थिति देखी थी।

इस संबंध में उन्होंने प्राधिकरण और यूपीडा को प्रारंभिक सर्वेक्षण रिपोर्ट सौंप दी थी, जिसमें बताया गया था कि अलग-अलग जगह स्थिति के हिसाब से समतल और एलिवेटेड के रूप में एक्सप्रेसवे बनाया जा सकता है। इसके बाद इसी सप्ताह यूपीडा के अधिकारियों ने प्राधिकरण के सीईओ समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की थी।

बैठक में प्राधिकरण के सीईओ ने कहा कि इसको 10 लेन या अधिकतम लेन का बनाया जाए। यूपीडा की सलाहकार एजेंसी सर्वेक्षण करने के लिए दो सप्ताह में आएगी।

महामाया फ्लाईओवर से भी पुस्ते को जोड़ा जाएगा

फिल्म सिटी का जाम खत्म करने के लिए चिल्ला एलिवेटेड रोड का निर्माण चल रहा है। यह दिल्ली के चिल्ला रेगुलेटर से शुरू होकर नोएडा के महामाया फ्लाईओवर के पास तक बनेगा। यहां से दूसरी एलिवेटेड रोड बनाकर इसको सेक्टर-94 पुस्ते पर बनने वाले एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा।

सेक्टर-94 गोलचक्कर से सेक्टर-150 तक बनेगी

शहर में सेक्टर-94 से यमुना पुस्ते की शुरुआत होती है। यह सेक्टर-150 तक बना है। इसके सामने ही एक तरफ यमुना एक्सप्रेसवे और परी चौक है। यूपीडा ने अब विस्तृत रूप से नए एक्सप्रेसवे के लिए डीएनडी से सेक्टर-150 तक सर्वेक्षण कराने का निर्णय लिया है। सेक्टर-150 में इसको यमुना और नोएडा-ग्रेनो एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा।

पुस्ता मार्ग की मरम्मत भी होगी

अभी पुस्ता जगह-जगह से टूटा है। कुछ जगह गहरे गड्ढे भी रखे हैं। इस पुस्ते की देखरेख का काम सिंचाई विभाग के पास है, लेकिन इस पर आने वाले खर्च को प्राधिकरण वहन करता है। प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि पुस्ते की सड़क की मरम्मत के निर्देश दे दिए गए हैं। जल्द काम शुरू हो जाएगा। इस मार्ग के दुरुस्त होने से एक्सप्रेसवे पर वाहनों का दबाव कम हो सकेगा। लोग पुस्ता मार्ग के जरिये यात्रा कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp