Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

नोएडा में दर्दनाक घटना: 28वीं मंजिल से कूदकर युवती ने दी जान

नोएडा के सेक्टर-32 स्थित अमौर सोसाइटी में शनिवार देर रात 21 वर्षीय युवती ने 28वीं मंजिल से कूदकर अपनी जान दे दी। मृतक युवती के पिता कारोबारी हैं। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर 24 थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने कहा कि मामले में आगे की जांच जारी है।

जानकारी के अनुसार, मृतक युवती अर्पिता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के मंडेरवा गांव की रहने वाली थी। वह पंजाब के एक कॉलेज से बीटेक की पढ़ाई कर रही थी। बताया जा रहा है कि वह दो दिन पहले ही पंजाब से नोएडा आई थी। परिवार के लोग इस घटना से पूरी तरह टूट गए हैं और कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं हैं।

पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला

परिजनों का कहना है कि अर्पिता पिछले कुछ समय से किसी बात को लेकर मानसिक तनाव में थी। हालांकि, उसने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका सही कारण अभी साफ नहीं हो पाया है। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है, जिससे घटना की वजह का पता चल सके। पुलिस अब युवती के मोबाइल फोन की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह किन लोगों के संपर्क में थी और उसके मन में क्या चल रहा था। कॉल डिटेल और मैसेज की भी जांच की जा रही है।

परिवार और आसपास के लोगों से भी पूछताछ

यह घटना शनिवार रात करीब सवा 12 बजे की बताई जा रही है। सोसाइटी की 28वीं मंजिल पर ही युवती के पिता का फ्लैट है। उसने अपने फ्लैट की बालकनी से छलांग लगाई है। देर रात हुई इस घटना के बाद सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चीख-पुकार सुनकर लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। परिवार और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे की असली वजह सामने आ सके। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही सही कारण का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp