ग्रेटर नोएडा से सपा का चुनावी शंखनाद, अखिलेश यादव ने साधा भाजपा पर निशाना
समाजवादी पार्टी आज नोएडा के दादरी में ‘समाजवादी समानता भाईचारा रैली’ कर रही है। सपा के 2027 विधानसभा चुनाव अभियान का आगाज माना जा रहा है। चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोला। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस बयान पर पलटवार भी किया। जिसमें मोदी ने कहा था अंधविश्वास के चलते पहले की सरकारों के मुख्यमंत्री नोएडा आने से घबराते थे। अखिलेश यादव ने पीएम मोदी और सीएम योगी का नाम लिए बगैर कहा कि अखिलेश यादव ने नाम न लेते हुए कहा- कल कुछ लोग नोएडा आए थे। वो बोल कर रहे गए हम नोएडा नहीं आते। मैं इस मंच से उन दोनों को बताना चाहता हूं कि जितनी दोनों ने मिलकर चाय नहीं पी होगी। उससे ज्यादा बार मैं यहां अपने कार्यकर्ताओं के घर गया हूं।
सपा सरकार ने दिल्ली से नोएडा जोड़ने के लिए मेट्रो दी- अखिलेश
हमने (सपा सरकार) ने दिल्ली को नोएडा से जोड़ने के लिए मेट्रो दी थी। हमारी सरकार ने नोएडा के विकास के लिए एक नहीं बल्कि कई फैसले लिए। इन लोगों के पास बताने के लिए कुछ नहीं है इसलिए इस तरह की बातें कर रहें हैं। आपको बता दें बीते शनिवार को जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सपा पर जमकर हमला बोला था। उन्होने कहा कि पहले सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था। लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है।
छोटे वाले ATM का हिसाब तो दें- अखिलेश
जिस पर सपा अध्यक्ष ने जवाब देते हुए कहा कि रैली में आने से पहले हम लोगों को एटीएम की बातें सुनने को मिली हैं। हम लोग तो 10 साल से सरकार में नहीं हैं। कम से कम अपने छोटे वाले ATM का हिसाब तो देना चाहिए था। ATM ने सिर्फ देश ही नहीं, दुनिया को परेशान किया होगा। A पर बहुत मेहरबान रहते हैं कुछ लोग, इसलिए उन्हें ATM याद आ रहा है ।
पीडीए एक नारा नहीं, आंदोलन है- अखिलेश
सपा की ‘समाजवादी समानता भाईचारा रैली’ को 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव के शंखनाद के तौर पर देखा जा रहा है। इस मौके पर सपा अध्यक्ष ने कहा कि पीडीए को और ज्यादा मजबूत करना है। जो पीड़ित, दुखी और अपमानित है, वहीं पीडीए है। PDA सिर्फ एक चुनावी नारा नहीं बल्कि एक आंदोलन है। उन्होने कहा कि जिसने हमारे घर को गंगाजल से धुलवाया, वो हमारा दर्द नहीं समझ सकते हैं। इससे पहले अखिलेश यादव ने मिहिर भोज डिग्री कॉलेज मैदान में 9वीं सदी के गुर्जर-प्रतिहार वंश के सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा पर माल्यापर्ण किया। उसके बाद गंगा जल से उनकी प्रतिमा का शुद्धिकरण किया।
