Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

12वीं मंजिल से गिरकर 3 साल के मासूम की मौत, गौर सिटी में दर्दनाक हादसा

ग्रेटर नोएडा। बिसरख कोतवाली अंतर्गत गौर सिटी-वन की सेवन एवेन्यू सोसायटी में शुक्रवार देर शाम खेलते समय फ्लैट की 12वीं मंजिल से गिरने से तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, लाइफ हॉस्पिटल गौर सिटी वन से कोतवाली पर एक मेमो प्राप्त हुआ था। जिसमें बताया गया कि एक बच्चा मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है। पुलिस मौके पर पहुंची।

मृतक बच्चे की पहचान सागनिक पाल (3) निवासी फ्लैट नंबर सेवन एवेन्यू सोसायटी गौर सिटी-1 के रूप में हुई है। जांच में पता चला कि बच्चा अपने फ्लैट की 12वीं मंजिल की बालकनी में कुर्सी पर खेल रहा था। संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया।

घटना के वक्त मां उसे छोड़कर दूसरे बच्चे को ट्यूशन से लेने गई थी। स्वजन घायल बच्चे को लेकर लाइफ हॉस्पिटल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कोतवाली प्रभारी कृष्ण गोपाल शर्मा का कहना है कि प्रथम दृष्टया हादसा प्रतीत हो रहा है।

पहले कब हुए ऐसे हादसे?

गौर सिटी सोसायटी के 7 एवेन्यू में शुक्रवार को खेलते वक्त 12वीं मंजिल के फ्लैट की बालकनी से गिरकर तीन साल के बच्चे की मौत ने सभी को झकझोर दिया है। इस तरह की घटना पूर्व में भी हो चुकी है। पिछले साल 29 नवंबर को बिसरख कोतवाली क्षेत्र के पैरामाउंट इमोशंस सोसायटी में एक 14 वर्षीय किशोर की फ्लैट की बालकनी से गिरकर मौत हो गई थी।

जांच में सामने आया था कि बच्चा बालकनी में खेल रहा था अचानक संतुलन बिगड़ा था। दर्दनाक घटना के बाद लोग अपने फ्लैट की बालकनी को कवर करने की कवायद में जुट गए हैं।

केस-1: सातवीं मंजिल की बालकनी से गिरकर हुई थी मौत

पांच जनवरी 2023 को जेकेजी पामकोर्ट सोसायटी में एक महिला सातवीं मंजिल की बालकनी से नीचे गिरने से मौत हो गई थी। जांच में सामने आया था कि महिला का संतुलन बिगड़ गया था।

केस-2: 27वें फ्लोर से 12वें फ्लोर पर जा गिरी थी दो साल की बच्ची

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सोसायटियों में पूर्व में बच्चों के खेलने के दौरान हादसे हो चुके हैं। पांच अक्टूबर 2024 को गौर सिटी दो सोसायटी के 14 एवेन्यू में 27वें फ्लोर की बालकनी में खेलते-खेलते दो साल की बच्ची 12वें फ्लोर की बालकनी में जा गिरी थी। बच्ची 15 दिनों तक वेंटिलेटर पर रही। गनीमत रही कि हादसे में बच्ची की जान बच गई।

केस-3: खेलते समय 12वीं मंजिल की सीढ़ियों से नीचे गिरा था बच्चा

23 अगस्त 2021 को ग्रेटर नोएडा वेस्ट की कासा ग्रींस वन सोसायटी में एक वर्षीय बच्चा खेलते समय 12वी मंजिल की सीढ़ियों से नीचे गिर गया था। जिसमें उसकी मौत हो गई थी। उस समय घर में मासूम बच्चे के जन्मदिन की तैयारियां चल रही थी। परिवार हादसे से दो सप्ताह पहले ही सोसायटी में शिफ्ट हुआ था।

केस-4: बालकनी से गिरने के बाद 12 साल के छात्र की हुई थी मौत

15 जुलाई 2023 को ग्रेनो वेस्ट ऐस डिवाइन सोसायटी में 18वीं मंजिल की बालकनी से गिरने के बाद सातवीं के 12 साल के छात्र की मौत हो गई थी। बच्चा टावर के नीचे खड़ी मां को बुलाने के लिए बालकनी से नीचे झांक रहा था। असंतुलित होकर नीचे गिर गया।

बालकनी से गिरी थी छात्रा 14 मार्च 2024 को ग्रेनो वेस्ट की हिमालयन प्राइड सोसायटी स्थित फ्लैट की 18वीं मंजिल की बालकनी से 12वीं की छात्रा की गिरकर मौत हो गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि छात्रा बालकनी में रखे पौधों में पानी दे रही थी। तभी पैर फिसल गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp