Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

सरधना में ईद के दिन हिंसा: दो भाइयों की मौत, गांव में तनाव

मेरठ में ईद पर सरधना के मेहरमती गणेशपुर ग्राम प्रधान के दो छोटे भाइयों की मामूली कहासुनी पर तलवार और छुरी से काटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष में करीब एक घंटे तक लाठी डंडे चले और धारदार हथियार चले, जिनमें आधा दर्जन लोग भी घायल हैं। वारदात के बाद गांव में तनाव के चलते पुलिस ने इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया। मौके पर कई थानों की फोर्स तैनात की गई है। तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

सरधना के मेहरमती गणेशपुर गांव में सईद वर्तमान प्रधान है। ईद पर शनिवार शाम करीब 6.30 बजे सईद का भतीजा सलमान पुत्र वाजुद्दीन और तौहीद का गांव निवासी चुन्नू से विवाद हो गया। चुन्नू पक्ष ने मिलकर सलमान और तौहीद को पीट डाला। सूचना मिलने पर सईद के दो भाई 48 वर्षीय भूरा और 45 वर्षीय सहीमुद्दीन मौके पर पहुंच गए। सलमान और तौहीद को उठाकर अस्पताल ले जाने के दौरान चुन्नू पक्ष ने दोबारा हमला कर दिया और धारदार हथियार (छुरी और तलवार) से भूरा और सहीमुद्दीन को गोद डाला। सईद पक्ष भी मौके पर पहुंच गया और मौके पर बवाल हो गया। दोनों पक्ष में जमकर लाठी डंडे और धारदार हथियार चले।

गांव में भारी फोर्स तैनात

एक घंटे दोनों पक्ष में संघर्ष होता रहा, लेकिन पुलिस नहीं पहुंची। हमले में भूरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सहीमुद्दीन की जिला अस्पताल लाने के समय मौत हो गई। प्रधान पक्ष से एहसान पुत्र मूसा, अजहरुद्दीन, औहीद, आमिर और मंसूर घायल हो गए। दूसरे पक्ष से साजिद, साकिब घायल हैं। सूचना पर चार थानों की फोर्स मौके पर पहुंची। एसपी देहात अभिजीत कुमार भी सरधना पहुंच गए। गांव में भारी फोर्स तैनात की गई है। फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी चुन्नू, साजिद समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी की तलाश में दबिश दी जा रही है। प्रधान सईद ने दर्जनभर आरोपियों को नामजद कर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

एक हजार रुपये के विवाद ने छीन ली दो जिंदगियां

मेहरमती गणेशपुर गांव में महज एक हजार रुपये के विवाद ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते खूनी संघर्ष का रूप ले लिया और बीच-बचाव में पहुंचे भूरा और सैमुद्दीन की जान चली गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

मृतकों के बड़े भाई ग्राम प्रधान सईद ने बताया कि उनके भतीजे तौहीद का चुन्नू के पुत्र इरशाद से एक हजार रुपये को लेकर विवाद चल रहा था। तौहीद के इरशाद पर रुपये थे, इसी बात को लेकर शनिवार शाम दोनों के बीच कहासुनी हो गई। पहले लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन कुछ देर बाद फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp