Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

गंदे पानी के गड्ढे में डूबा मासूम: दादरी में 5 साल के बच्चे की दर्दनाक मौत

दादरी। कोतवाली बादलपुर क्षेत्र के छपरौला प्रीत विहार कॉलोनी में गंदे पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से पांच वर्षीय बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मासूम की मां शालिनी गुप्ता रोते हुए बार-बार कह रही थीं, ‘जिसके लिए जीते थे, आज मेरा बेटा देव नहीं रहा।’

स्कूल से घर आने के बाद खेलने गया था बच्चा

पुलिस के अनुसार, मूल रूप से रामपुर निवासी उमेश गुप्ता पिछले करीब चार साल से छपरौला प्रीत विहार कॉलोनी में मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहे हैं। वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में पत्नी शालिनी गुप्ता और दो बेटे हैं।

बड़ा बेटा देवराज (5) पास के डीएसआर मॉडर्न स्कूल में नर्सरी कक्षा का छात्र था। बुधवार को स्कूल में उसका मैथ्स का ओरल टेस्ट था। स्कूल से फोन आया कि देव की तबीयत ठीक नहीं है और उसे उल्टी हो रही है। इस पर मां दवा लेकर स्कूल पहुंचीं और करीब साढ़े ग्यारह बजे उसे घर ले आईं। बच्चे की छुट्टी दोपहर 12 बजे होनी थी।

घर आकर खाए समोसे, फिर दोस्तों के साथ चला गया

करीब दो बजे घर पहुंचने के बाद देव ने समोसे खाए। इसी दौरान उसकी कक्षा के दो दोस्त निखिल और कार्तिक उसे खेलने के लिए बुलाने आए। मां से यह कहकर कि ‘मम्मी, खेलने जा रहा हूं, जल्दी आ जाऊंगा’, देव उनके साथ चला गया।

मां ने बताया कि देव आमतौर पर गली से बाहर नहीं जाता था, लेकिन उस दिन करीब 200 मीटर दूर कैसे पहुंच गया, यह समझ नहीं आ रहा।

गंदे पानी से भरे गड्ढे में डूबा मासूम

घर से कुछ दूरी पर एक खाली खेत में गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिनमें कॉलोनी की नालियों का गंदा पानी भरकर अब तालाब जैसा रूप ले चुका है। वहीं खेलते समय देव का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में डूब गया।

घटना की सूचना मिलने पर जब मां मौके पर पहुंचीं तो वहां पानी, पुलिस, भीड़ और एंबुलेंस मौजूद थी, लेकिन उनका बेटा नहीं था। उन्होंने बताया कि बच्चे को तुरंत बादलपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

कॉलोनी का पानी बन चुका है तालाब

घटनास्थल के आसपास करीब 200 परिवार रहते हैं। कॉलोनी में पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है। इसके कारण सभी घरों का गंदा पानी बाहर खाली खेत में बने गड्ढों में जमा होता रहता है, जो अब तालाब जैसा बन गया है।

गड्ढों के आसपास कोई सुरक्षा घेरा या बैरिकेडिंग भी नहीं है। सड़क के किनारे होने के कारण बच्चे अक्सर वहां खेलते हैं, जिससे खतरा बना रहता है।

स्वजनों ने नम आंखों से किया अंतिम संस्कार

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार सुबह करीब 10 बजे परिजनों ने नम आंखों से मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया।

कोतवाली बादलपुर प्रभारी अमित भड़ाना ने बताया कि मृतक बच्चे के पिता की ओर से अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने बच्चे का अंतिम संस्कार कर दिया है।

लोगों ने उठाए सवाल, नहीं है निकासी की व्यवस्था

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है। उनका कहना है कि कॉलोनी के पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है, जिससे गड्ढों में गंदा पानी जमा होकर तालाब बन गया है। सवाल उठ रहा है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं रोकने के लिए जिम्मेदार कौन होगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पास में सिद्ध बाबा मंदिर का तालाब है, जहां धार्मिक कारणों से गंदा पानी नहीं डाला जाता। इसलिए कॉलोनी का सारा पानी इसी खाली खेत में जमा हो रहा है, जो अब बच्चों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp