Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

प्रेमजाल में फंसाकर करोड़ों की ठगी: नोएडा पुलिस ने नाइजीरियाई ठग को दबोचा

नोएडा। साइबर क्राइम पुलिस ने मैट्रिमोनियल साइट्स पर प्रेमजाल रचकर महिलाओं से करोड़ों ठगने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ किया। गिरोह के मुख्य सरगना को हरियाणा के फरीदाबाद से गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल ने बताया कि आरोपी की पहचान 38 वर्षीय नाइजीरियाई नागरिक सैमुअल ओगुन उर्फ स्टेपनी डेरिक के रूप में हुई है। उसके पास से पुलिस ने 5 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक टैबलेट, वाई-फाई राउटर, डोंगल, कई सिम कार्ड, 1800 नाइजीरियाई नायरा (विदेशी मुद्रा), दो अलग-अलग नामों के पासपोर्ट और ढेर सारे फर्जी दस्तावेज बरामद किए हैं।

पूछताछ में पता चला कि आरोपी मैट्रिमोनियल वेबसाइट्स पर शादी की तलाश में लगी महिलाओं को टारगेट करता था। वह अपनी असली पहचान छिपाकर खुद को बड़े बिजनेसमैन या विदेशी निवासी के रूप में पेश करता था। आकर्षक प्रोफाइल फोटोज लगाकर महिलाओं से दोस्ती करता और धीरे-धीरे प्रेम संबंध बनाकर उन्हें जाल में फंसा लेता था।

शादी का वादा करके वह बताता कि वह विदेश से अपना कारोबार समेटकर भारत आ रहा है। पीड़िताओं को नकली फ्लाइट टिकट भेजता और फिर दावा करता कि उसका सामान या पार्सल एयरपोर्ट के कस्टम में अटक गया है, जिसे छुड़ाने के लिए पैसे चाहिए। महिलाएं झांसे में आकर अलग-अलग बैंक खातों में लाखों-करोड़ों रुपये ट्रांसफर कर देती थीं।

इसके अलावा आरोपी फर्जी लोन दिलाने के नाम पर भी लोगों से ठगी करता था। जांच में सामने आया कि नोएडा में उसके खिलाफ दो मामले दर्ज हैं—एक में उसने एक महिला से लगभग 56 लाख रुपये और दूसरे में 1 करोड़ 26 लाख रुपये ठगे।

पुलिस को आशंका है कि देश के कई अन्य राज्यों में भी ऐसी वारदातें हुई हैं। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में भी उसके खिलाफ केस दर्ज होने की जानकारी मिली है। पुलिस आगे की जांच में गिरोह के अन्य सदस्यों और भारतीय सहयोगियों की तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp