नोएडा में शोषण और धमकी का मामला उजागर, आरोपी मध्य प्रदेश भागा
नोएडा। फेज तीन थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती को विशेष समुदाय के युवक ने धर्म छिपाकर प्रेमजाल में फंसाया। शादी करने का झांसा देकर आपत्तिजनक फोटो व वीडियो भी प्राप्त कर लिए। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी देकर कई बार दुष्कर्म किया और 70 हजार रुपये भी ऐंठ लिए।
पीड़िता की शिकायत पर 18 दिन तक कार्रवाई नहीं करने पर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं का धैर्य जबाव दे गया। उन्होंने मंगलवार शाम को फेज तीन थाने का घेराव कर करीब पौन घंटे जमकर हंगामा किया। जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग करते हुए नारे लगाए। एसीपी ने मौके पर पहुंचकर मुकदमा दर्ज करने और आरोपित पर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन देने पर सैकड़ों लाेग शांत हुए।
विकास ने शादी करने का वादा किया
मूल रूप से मध्यप्रदेश की रहने वाली युवती नोएडा फेज तीन थाना क्षेत्र के एक गांव में रहती है। प्राइवेट कंपनी कार्यालय में नौकरी करने वाली युवती की दो साल पहले इंस्टाग्राम पर विकास कुमार नाम के युवक से दोस्ती हई थी। प्रेम प्रसंग होने पर दोनों लिवइन में रहने लगे। विकास ने शादी करने का वादा किया और इसी दौरान युवती के कई आपत्तिजनक फोटो व वीडियो बना लिए।
पिछले दिनों युवती को पता चला कि प्रेमी का विकास कुमार नहीं बल्कि मध्य प्रदेश मंदसौर का रहने वाला मोहम्मद रमीज है। इस बारे में बात की तो युवक ने धमकाना शुरू कर दिया। फोटो व वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी। आरोप है कि युवती से कई बार में 70 हजार रुपये भी ऐंठ लिए।
27 फरवरी को फेज तीन थाना पुलिस से शिकायत
पिछले दिनों युवक मोबाइल बंद कर मध्य प्रदेश चला गया। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है। हिंदू संगठन के से जुड़े प्रेम भारद्वाज ने बताया कि युवती ने 27 फरवरी को फेज तीन थाना पुलिस से शिकायत की, लेकिन पुुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीड़िता थाने चौकी के कई बार चक्कर लगा चुकी है। न तो आरोपित पकड़ा गया और न ही मुकदमा दर्ज हुआ।
इस बात से नाराज हिंदू संगठन के कार्यकर्ता फेज तीन थाने पर एकत्रित हुए। हंगामा करने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। एसीपी उमेश कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर विकास कुमार उर्फ मोहम्मद रमीज के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की तलाश में टीम लगी हैं।
