Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

माफिया से मुक्त जमीन पर बनेंगे घर: सीएम योगी ने आवास योजना को लेकर दिया बड़ा बयान

लखनऊ। प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0 केे दूसरे चरण में 90 हजार लाभार्थियों के खातों में कुल 900 करोड़ की धनराशि भेजने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब माफियाओं की जमीनों को मुक्त करवाकर उस पर वकीलों, शिक्षकों, चिकित्सकों एवं पत्रकारों के लिए भी मकान बनाने का विचार है। नवरात्रि और रामनवमी से पहले गरीबों को आवास मिलने की शुभकामाएं दीं।

आसपास के जिलों से आमंत्रित किए गए लाभार्थियों से भरे इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के ज्यूपिटर हाल में सीएम ने कहा कि कब्जामुक्त जमीनों पर हाई राइज बिल्डिंग बनाकर जरूरतमंदों को आवास देने की योजना हर जिले एवं नगर में भी साकार करना है। 2017 से पहले वाली सरकार सिर्फ अपना और अपने परिवार का ध्यान रखती है, जबकि हम 25 करोड़ की आबादी को परिवार मानकर आगे बढ़ रहे हैं।

सीएम योगी ने सबसे पहले बीस लाभार्थियों को मंच पर आमंत्रित कर आवास का चेक दिया, जिसमें लखनऊ की सीमा, रूबी गुप्ता, आराधना श्रीवास्तव, अंजू, सीतापुर की रेनू वर्मा, खुशी वर्मा, संजीवनी सिंह, बाराबंकी की सरिता, शबाना, सोनी, उन्नाव की पिंकी वर्मा, मोनिका गौतम, अर्चना देवी, हरदोई की सोनी, दीप्ति कुमारी, रेनू मिश्रा, रायबरेली की चांदनी भट्ट व रेनू समेत 19 महिलाएंं थीं। इसके बाद सीएम विभिन्न जिलों की लाभार्थियों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बात की।

फतेहपुर की मायादेवी से पूछा ‘आपके खाते में पैसा आया कि नहीं, मोबाइल चेक किया क्या। आपको किन किन योजनाओं का लाभ मिला अब तक’। गोरखपुर की मेनका से सीएम ने कहा ’मकान बन जाए तो महापौर औा विधायक को बुलाकर घर पर भोजन कराना’। प्रयागराज की अर्चना से कहा ‘आपके बगल नंदीजी बैठे हैं, इन्हें आवास बनने पर भोजन कराना, राशन साथ लाएंगे।’

देवरिया की लाभार्थी से कहा ‘बूढ़े सास ससुर की सेवा करती हो या नहीं, एक बार मुझे ऐसे केस में पुलिस भेजना पड़ा था’। इसके बाद संबोधन करने आए सीएम ने कहा कि यूपी में अब तक 62 लाख परिवारों को आवास दिया गया। दूसरे चरण में अब सहारनपुर के 10214, प्रतापगढ़ के 7991, शाहजहांपुर के 4325, फिरोजाबाद के 4266, प्रयागराज में 3331, जालौन के 3174, सीतापुर के 3078, बरेली के 3017, गोरखपुर के 3063, बिजनौर के 1364, गाजियाबाद के 1209, देवरिया के 1138 एवं गोंडा के 1121 लोगों समेत कई अन्य जिलों में लोगों को आवास के लिए एक-एक लाख रुपये दिए गए हैं।

चुटकी लेते हुए कहा कि ‘हमने धन वित्तमंत्री सुरेश खन्ना से लिया और आज तक उनके ही पास अपना मकान नहीं है’। इस पर हाल में ठहाकों की आवाज गूंजी। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में यूपी विकास का भी ग्रोथ इंजन बन रहा है। कहा कि 2017 से पहले राशनकार्डों में भारी गड़बड़ियां थीं, लेकिन अब लखनऊ में बैठकर पूरे प्रदेश के वितरण को स्क्रीन पर देखा जा सकता है।

निर्बल आय वर्ग के लोगों को मजबूत किया जाएगा। प्रदेश की अर्थव्यवस्था सुधरेगी। प्रदेश में 1.06 करोड़ लोगों को प्रति वर्ष 12 हजार रुपये वार्षिक पेंशन दी जा रही है। अब आबादी की जमीन पर कहीं मकान गिरा तो मालिकाना हक बना रहेगा। कहा कि प्रदेश में 1.30 लाख नए उद्यमी बने। इससे पहले उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अवधी भाषा में संबोधन कर खूब तालियां बटोरी। कहा ‘2017 सेे पहिले वालन क याद रख्यो। पूछा अब अच्छा घर बनवइहो कि नाय।’ सपा पर खूब तंज कसा। वित्तमंत्री सुरेश खन्ना एवं नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp