Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

ईरान–इजरायल के समर्थन में नारेबाजी नहीं: Sambhal प्रशासन की सख्त चेतावनी

यूपी के संभल में जुमा अलविदा और ईद उल फितर के त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए सीओ कुलदीप सिंह ने कोतवाली परिसर में पीस कमेटी मीटिंग की। मीटिग में सीओ ने इजराइल-ईरान के बीच हो रहे युद्ध को लेकर विरोध प्रदर्शन करने मुस्लिम समाज के लोगों चेतावनी दी। सीओ ने कहा, अपने देश में दूसरे देश का समर्थन और नारेबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीओ ने स्पष्ट किया कि अगर किसी ने माहौल खराब करने की कोशिश कि तो उसका अच्छे से इलाज किया जाएगा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो बुधवार का बताया जा रहा है। कोतवाली परिसर में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में सीओ कुलदीप सिंह कह रहे हैं कि बहुत सारे लोगों को खुजली इस बात की मची है कि झगड़ा तो ईरान-इजरायल के बीच में हो रहा है। लेकिन कुछ लोग बीच में टंगड़ी घुसाए बैठे हैं। अगर आप लोगों को इतनी ही दिक्कत है तो जहाज में बैठ जाओ और चले जाओ ईरान की तरफ से युद्ध लड़ने। बाद में लौटकर फिर आ जाना। दो देशों के बीच में झगड़ा हो रहा है और उस झगड़े को लेकर हमारे देश की कानून-व्यवस्था पर असर पड़ेगा तो हम उसका बढ़िया वाला इलाज करेंगे।

दूसरे देशों के समर्थन में नारेबाजी नहीं होगी बर्दाश्त

सीओ ने कहा, कहीं किसी भी प्रकार की अलविदा या जुमे की नमाज में कोई भी किसी भी प्रकार के देश के विरोध में या अन्य किसी प्रकार से कोई पट्टी या कोई नारा नहीं लगना चाहिए। हम हिंदुस्तानी हैं, हम भारतीय हैं। हम यहां सुकून से रह रहे हैं। दो देशों के बीच में जो लड़ाई हो रही है वह उनके अपने अंतरराष्ट्रीय मुद्दे हैं, वह वो जानेंगे। लेकिन कोई 10 आदमी आकर ईरान को लेकर छाती पीटने लगे तो वह ईरान चले जाएं। लेकिन यहां पर इस तरह की चीजें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी कि दूसरे देशों की लड़ाई को लेकर अपने देश की फिजा खराब की जाए।

सड़क पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं

कोतवाली में सिटी मजिस्ट्रेट सुधीर कुमार सोनी की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में सीओ कुलदीप सिंह ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की समस्या न पैदा हो। किसी भी स्थिति में मस्जिद के बाहर या सड़क पर नमाज अदा करने की अनुमति नहीं होगी। नमाज केवल मस्जिद के अंदर ही पढ़ी जाएगी। यदि किसी मस्जिद में अधिक भीड़ होती है तो एक ही स्थान पर दो बार नमाज पढ़ी जा सकती है, लेकिन सार्वजनिक स्थानों या सड़कों पर नमाज पढ़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

शांति और भाईचारे के साथ मनाएं त्योहार

हाजी एहतेशाम ने सभी लोगों से अपील की, कि त्योहार पहले की तरह शांति और भाईचारे के साथ मनाए जाएं। ऐसा कोई काम न करें, जिससे समाज में भ्रम या तनाव पैदा हो। प्रशासन ने यह भी साफ किया कि किसी भी व्यक्ति द्वारा अंतरराष्ट्रीय मुद्दों, जैसे ईरान या इजरायल के समर्थन में नारेबाजी या गुणगान करने की अनुमति नहीं होगी। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में मौजूद शहर के संभ्रांत लोगों ने भी प्रशासन को भरोसा दिलाया कि वे सभी नियमों का पालन करेंगे और त्योहारों को आपसी भाईचारे के साथ मनाएंगे, ताकि शहर में अमन-चैन का माहौल बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp