Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

छांगुर जैसे तत्वों पर कड़ी निगरानी रखें: समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सीएम योगी के निर्देश

बलरामपुर। जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दो टूक हिदायत दी कि छांगुर जैसा व्यक्ति कहीं भी दोबारा न पनपे। उन्होंने प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया कि सीमा पर साशस्त्र सीमा बल और पुलिस संयुक्त निगरानी करें। नवधनाड्यों की संपत्ति की जांच कराई जाए। ग्राम चौकीदारों को सक्रिय किया जाए ताकि सीमा से सटे अथवा जिले में कहीं की भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल मिले।

उन्होंने कहा कि मतांतरण के मास्टरमाइंड जलालुद्दीन उर्फ छांगुर जैसे लोग से निपटना सरकार जानती है, लेकिन प्रशासन और पुलिस की जिम्मेदारी है कि छांगुर जैसे लोग पैदा न होने पाएं।

गौरतलब है कि सैकड़ों लड़कियों के जबरिया मतांतरण का आरोपित बलरामपुर निवासी छांगुर इस समय जेल मे है। इससे पहले सीएम ने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट स्वशासी राज्य मेडिकल कालेज और मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय का निरीक्षण किया। उन्होंने 50 एमबीबीएस सीटों की औपचारिकताएं पूरी करके जल्द पढ़ाई शुरू कराने का निर्देश दिया है।

मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय के निरीक्षण में निर्माण मई तक पूरा करने की बात कही। कलेक्ट्रेट में विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान सदर तहसील में मुख्यमंत्री कंपोजिट विद्यालय के लिए 50 एकड़ और सरदार वल्लभभाई पटेल औद्योगिक क्षेत्र के लिए 100 एकड़ जमीन चिह्नित करने का निर्देश दिया। सीएम ने कहा कि भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई करने में किसी तरह की कोताही न करें। इसकी रिपोर्ट सीएम कार्यालय को भी भेजें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp