Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

जेवर एयरपोर्ट तक पहुंचेगी हाई-स्पीड सड़क, 3630 करोड़ के कनेक्टिविटी प्रोजेक्ट को मंजूरी

जेवर। केंद्र सरकार की आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति (सीसीईए) ने मंगलवार को नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे से ग्रीनफील्ड कनेक्टिविटी परियोजना की संशोधित लागत 3,630.77 करोड़ को मंजूरी दे दी।

पहले 31.42 किमी लंबी ग्रीनफील्ड रोड के निर्माण पर कुल 2414 करोड़ रूपये खर्च होने थे, लेकिन फरीदाबाद मास्टर प्लान 2031 के अधिसूचित शहरी क्षेत्र से सड़क का 7.8 किलोमीटर का हिस्सा आ रहा है।

इसलिए एलिवेटेड रोड बनाने का फैसला किया गया था, इससे परियोजना की लागत में बढ़ोतरी हो गई। कैबिनेट की समिति से संशोधित बजट को मंजूरी मिलने के बाद परियोजना का काम तेजी से पूरा होने की उम्मीद है।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के दिल्ली-फरीदाबाद-बल्लभगढ़-सोहना से जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी देने के लिए 31.42 किलोमीटर लंबी ग्रीनफील्ड रोड तैयार की जा रही है। जिसका लगभग नौ किलोमीटर का हिस्सा उत्तर प्रदेश की सीमा में बनकर तैयार हो चुका है।

ऐसे में, हरियाणा की सीमा में बन रही रोड का 7.8 किलोमीटर का हिस्सा फरीदाबाद मास्टर प्लान 2031 के अधिसूचित शहरी क्षेत्र में आ गया, जहां भविष्य में घनी आबादी के साथ ही बड़ा इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित होना है। मास्टर प्लान में कोई व्यावधान न आए इसे देखते हुए रोड के इस हिस्से को एलिवेटेड बनाने का फैसला लिया गया।

एलिवेटेड रोड के निर्माण पर लगभग 700 करोड़ रुपये अतिरिक्त खर्च होना है, मंगलवार को केंद्रीय कैबिनेट की समिति ने ग्रीनफील्ड कनेक्टिविटी के निर्माण के लिए 3630.77 करोड़ रुपये संशोधित लागत को हाइब्रिड एन्युटी मोड (एचएएम) के तहत मंजूरी दे दी है।

इस परियोजना के पूरा होने से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट की दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे से सीधे कनेक्टिविटी हो जाएगी। अभी एयरपोर्ट की ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे के अलावा डेडिकेटेड फ्रेट काॅरिडोर से भी मल्टीमाडल कनेक्टिविटी हो जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp