ग्रेटर नोएडा में खेल क्रांति की शुरुआत, जयंत चौधरी करेंगे इंडोर स्टेडियम का शुभारंभ
ग्रेटर नोएडा के किसान आदर्श इंटर कॉलेज, दनकौर में खेल जगत के लिए एक नई सौगात मिलने जा रही है। केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी आगामी 29 नवंबर को यहां अत्याधुनिक इंडोर स्टेडियम का शिलान्यास करेंगे। इसके लिए उन्होंने अपनी सांसद निधि से दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। अनुमान है कि स्टेडियम एक वर्ष के भीतर बनकर तैयार हो जाएगा। कार्यक्रम के दौरान हजारों की भीड़ जुटने की संभावना है और स्थानीय कार्यकर्ता जोर-शोर से तैयारियों में जुटे हैं।
राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व सांसद मलूक नागर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि लगभग तीन बीघा भूमि में बनने वाला यह इंडोर स्टेडियम क्षेत्र के युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगा। यहां कबड्डी, कुश्ती, वॉलीबॉल, टेबल टेनिस और मुक्केबाजी जैसी खेल विधाओं के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। स्टेडियम का रखरखाव कॉलेज प्रबंधन करेगा और संचालन जिला खेल विभाग की देखरेख में होगा।
उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी किसानों के हितों को लेकर लगातार सक्रिय है और भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों में किसानों के लिए उचित मुआवजे की दिशा में प्रयास जारी हैं।
उत्तर प्रदेश किसान प्रकोष्ठ के प्रभारी अजित सिंह दौला ने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र में खेल सुविधाओं की मांग उठ रही थी। जयंत चौधरी ने इस दिशा में ठोस कदम उठाते हुए युवाओं के लिए बेहतरीन अवसर तैयार किए हैं। स्टेडियम न केवल कॉलेज के विद्यार्थियों बल्कि आसपास के गांवों के युवाओं के लिए भी लाभदायक होगा।
वरिष्ठ नेता एडवोकेट इंद्रवीर भाटी ने बताया कि खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के लिए योग्य कोच नियुक्त किए जाएंगे और सुविधा स्तर राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होगा। उन्होंने कहा कि जयंत चौधरी किसानों के मुद्दों पर हमेशा मुखर रहे हैं और हाल ही में किसानों की वार्ता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कराकर समाधान की दिशा में अहम पहल की थी।
राष्ट्रीय लोकदल के जिला अध्यक्ष जनार्दन भाटी ने कहा कि केंद्र मंत्री का यह फैसला क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। प्रेस वार्ता में आरएलडी के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल रहे।
