Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

फ्लड लाइट्स की चमक में चमका जोश: ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब और एआरएस रेजिडेंसी के बीच रोमांचक डे-नाइट मुकाबला

ग्रेटर नोएडा। गैराठी क्रिकेट स्टेडियम सोमवार की शाम गवाह बना एक यादगार डे-नाइट मुकाबले का, जहां खेल और जज़्बे का अद्भुत संगम देखने को मिला। ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब और एआरएस रेजिडेंसी के बीच हुए इस मैत्री मैच ने लोगों में खेल के प्रति नया उत्साह जगा दिया।

फ्लड लाइट्स की रौशनी में नहाई हरी-भरी आउटफील्ड और बराबर उछाल देती पिच ने इस मैच को रोमांचक बना दिया। खिलाड़ियों ने मैदान की उत्कृष्ट सुविधाओं की सराहना की, जबकि दर्शक खेल के हर पल का लुत्फ उठाते नजर आए।

टॉस जीतकर एआरएस रेजिडेंसी ने पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। ग्रेटर नोएडा प्रेस क्लब ने 16.3 ओवर में 136 रन बनाए, जिसमें नितिन शर्मा ने 44 रन की शानदार पारी खेली। ओपनर संदीप ओझा और सोनू नागर ने ताबड़तोड़ शुरुआत दी। एआरएस की ओर से तनिष्क चावला सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3.1 ओवर में सिर्फ 5 रन देकर 2 विकेट झटके।

लक्ष्य का पीछा करते हुए एआरएस रेजिडेंसी ने 14.5 ओवर में 140 रन बनाकर 5 विकेट से धमाकेदार जीत दर्ज की। विकास नागर ने 25 गेंदों में 41 रन की तूफानी पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। प्रेस क्लब की तरफ से मोहित अधाना ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 22 रन देकर 3 विकेट लिए।

मैच के बाद प्रेस क्लब के अध्यक्ष नरेंद्र भाटी ने कहा कि इस तरह के आयोजन पत्रकारों को मानसिक और शारीरिक रूप से फिट रखने का बेहतरीन माध्यम हैं। उन्होंने बताया कि खबरों की दौड़ में व्यस्त रहने वाले पत्रकारों के लिए ऐसे आयोजन तनावमुक्त और स्वस्थ जीवनशैली की दिशा में कदम हैं। प्रेस क्लब ने आगे भी इस तरह के खेल आयोजनों को नियमित रूप से जारी रखने की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp