बिहार चुनाव: सीमा सिंह का नामांकन हुआ था रद्द, मढ़ौरा सीट पर NDA ने निर्दलीय प्रत्याशी अंकित कुमार को दिया समर्थन
बिहार चुनाव से पहले मढ़ौरा सीट को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। ये वही सीट है, जहां से लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) की उम्मीदवार सीमा सिंह की उम्मीदवारी तकनीकी कारणों से खारिज कर दी गई थी। अब ताजा मामला ये है कि NDA ने इस सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी अंकित कुमार को अपना समर्थन देने का फैसला लिया है। इस मौके पर जमुई लोकसभा क्षेत्र से सांसद सह बिहार प्रभारी अरूण भारती, भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिंह, जदयू प्रवक्ता नीरज सिंह, भाजपा के मीडिया सह-प्रभारी संजय मयूख, लोजपा (रा.) के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष अशरफ अंसारी उपस्थित थे।
मढ़ौरा सीट पर क्या हुआ था?
मढ़ौरा विधानसभा सीट सारण जिले में आती है और यहां से लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) की उम्मीदवार सीमा सिंह की उम्मीदवारी रद्द कर दी गई थी। इसी वजह से NDA ने निर्दलीय उम्मीदवार को समर्थन देने की घोषणा की। लोजपा (रामविलास) के मुख्य सचेतक अरुण भारती ने पटना में संवाददाताओं से कहा, “हमारे उम्मीदवार का नामांकन रद्द होने के बाद हमने अंकित कुमार को चुना है, जो एक किसान के बेटे हैं और अतिपिछड़ा वर्ग (ईबीसी) से आते हैं। हम उनका पूरा समर्थन करेंगे।”
जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा, “हम ‘इंडिया’ गठबंधन के खिलाफ एक ईबीसी उम्मीदवार को समर्थन दे रहे हैं, यह बेहद प्रतीकात्मक महत्व रखता है। विपक्ष केवल ‘उपाधियां चुराने’ का काम जानता है। राजग जननायक कर्पूरी ठाकुर के सिद्धांतों पर काम करता है। राजग सरकार के दौरान ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कर्पूरी ठाकुर जी को भारत रत्न से सम्मानित किया।” भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय सचिव रितुराज सिन्हा ने कहा, “मढ़ौरा में हम ऐसे ईबीसी उम्मीदवार का समर्थन कर रहे है, जिसका कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है जबकि यहां पांच बार से एक ही परिवार के उम्मीदवार चुनाव जीतते रहे हैं। इस बार बिहार में राजग की सरकार बनेगी और मढ़ौरा वंशवाद की ढाल तोड़ेगा।”
NEWS SOURCE Credit :indiatv
