Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

जानिए क्या है पूरा सच, क्या भारत के पानी छोड़ने की वजह से पाकिस्तान में आई बाढ़?

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में इस समय एक भयंकर बाढ़ आई हुई है जो पिछले 39 वर्षों में सबसे बड़ी बाढ़ मानी जा रही है। ब्रिटेन की फेमस न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान के अधिकारियों ने इस हफ्ते 10 लाख से ज्यादा लोगों को उनके घरों से सुरक्षित बाहर निकाला है। सामने आई जानकारी के मुताबिक लगभग 1,400 गांवों में बाढ़ का पानी घुस गया है और किसानों की फसलें पानी में डूब गई हैं। यह बाढ़ रावी, सतलुज और चिनाब नदियों में एक साथ आई है, जो अब खतरे की निशान के ऊपर बनी हुई है।

क्या सच में भारत के पानी छोड़ेने की वजह से आई बाढ़?

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत ने समय रहते हुए पहले ही पाकिस्तान को बाढ़ से जुड़ी चेतावनियां दी थीं लेकिन पाकिस्तान के केंद्रीय मंत्री अहसान इकबाल ने आरोप लगाया कि भारत ने चेतावनी दिए बिना अपने बांधों से अत्यधिक पानी छोड़ दिया जिससे पाकिस्तान के तीन प्रमुख नदियों रावी, सतलुज और चिनाब का जलस्तर अचानक बहुत बढ़ गया। इस जलस्तर के कारण कई क्षेत्रों में बाढ़ आ गई। PAK मंत्री इकबाल ने भारत पर आरोप लगाते हुए कहा, “इतनी बड़ी मात्रा में पानी छोड़ना जल युद्ध जैसा है। भारत ने ऐसा किया और हम बाढ़ की तबाही देख रहे हैं।” लेकिन वहीं भारतीय अधिकारियों के अनुसार भारत ने तीन बार पाकिस्तान को चेतावनियां दी थीं और मानवीय आधार पर जानकारी साझा की थी ताकि पाकिस्तान को इस आपदा से बचाया जा सके।

भारत और पाकिस्तान में मानसून की बारिश

भारत और पाकिस्तान दोनों देशों में इस समय भारी मानसून से जमकर बारिश हो रही है। भारत के जम्मू क्षेत्र में भी बाढ़ आ गई है और कई जगहों पर भूस्खलन हुआ है। 26 और 27 अगस्त को जम्मू के रियासी और डोडा जिले में भारी बारिश के कारण कम से कम 40 लोग मारे गए। इनमें से अधिकांश लोग वैष्णो देवी मंदिर जाने वाले तीर्थयात्री थे। इस बाढ़ और भूस्खलन के कारण कई सड़कों और पुलों को भारी नुकसान हुआ।

पाकिस्तान के लिए नई चुनौती आई सामने

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बाढ़ग्रस्त इलाकों का दौरा किया और कहा कि पाकिस्तान प्राकृतिक आपदाओं के प्रति संवेदनशील देशों में से एक है। इस समय पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ी चुनौती यही है कि वह आने वाले समय में जल संकट और बाढ़ जैसी आपदाओं से कैसे निपटेगा।

भारत और पाकिस्तान के बीच जल विवाद

भारत और पाकिस्तान के बीच पानी का बंटबारा हमेशा से ही एक संवेदनशील मुद्दा रहा है। दोनों देशों के बीच सिंधु जल संधि (Indus Waters Treaty) के तहत पानी का वितरण तय किया गया है लेकिन जल स्रोतों के अत्यधिक उपयोग और मौसम में हो रहे बदलावों के कारण दोनों देशों में जल संकट गंभीर होता जा रहा है। भारत में जब बांधों के जलस्तर में वृद्धि होती है तो भारत से अतिरिक्त पानी पाकिस्तान की ओर जाता है, जो पाकिस्तान में बाढ़ का कारण बनता है।

NEWS SOURCE Credit :punjabkesari

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp