Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

स्वच्छता सम्मान सेनानियों और कर निरीक्षकों को किया सम्मानित, CM धामी ने रूद्राक्ष का पौधा रोपा

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून नगर निगम के अंतर्गत केदारपुरम में योगा पार्क एवं अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने एआई चैटबॉट ‘निगम सारथी’ लॉन्च किया और हरित नीति के डोक्यूमेंट का अनावरण भी किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने गांधी पार्क के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य हेतु ₹164.33 लाख एवं नगर निगम टाउन हॉल का जीर्णोद्वार एवं हाल के अंदर और मुख्य बिल्डिंग के बाहर एफआरपी कार्य हेतु ₹232.50 लाख का शिलान्यास किया।

सीएम धामी ने रूद्राक्ष का पौधा रोपा

मुख्यमंत्री ने वार्ड 33 यमुना कॉलोनी में पार्क निर्माण कार्य हेतु ₹139.49 लाख, वार्ड 88 हरबाजवाला में मछली तालाब का रखरखाव, वनीकरण एवं वाकिंग ट्रेक निर्माण हेतु ₹170.32 लाख एवं वार्ड 58 डिफेंस कॉलोनी केदारपुरम में योगा पार्क का निर्माण एवं अन्य विकास कार्य हेतु ₹437.07 लाख का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने एक पेड़ माँ नाम के तहत रूद्राक्ष का पौधा रोपा, जो सरकार द्वारा चलाये गये बृहद पौधारोपण अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र देहरादून के अन्तर्गत इस वर्ष रोपा गया एक लाखवां पौधा था।

सेनानियों और कर निरीक्षकों को सम्मानित किया

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्वच्छता सम्मान सेनानियों और कर निरीक्षकों को सम्मानित भी किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नशा मुक्ति के लिए सामूहिक शपथ भी दिलाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि केदारपुरम में आधुनिक योगा पार्क के जरिए हम राजधानी देहरादून में स्वास्थ्य, खुशहाली और पर्यावरण को साथ लेकर चलने की दिशा में एक और मजबूत कदम उठा रहे हैं। यह योगा पार्क आने वाले समय में शहरवासियों के लिए न केवल आकर्षण का केंद्र बनेगा, बल्कि स्वास्थ्य, फिटनेस सहित सामाजिक गतिविधियों का भी एक प्रमुख केंद्र होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखण्ड को योग एवं अध्यात्म की वैश्विक राजधानी बनाने के लिए संकल्पित होकर कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य के साथ, इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर प्रदेश में देश की पहली ’योग नीति’ लागू कर दी गई है। साथ ही राज्य में आयुर्वेदिक एवं प्राकृतिक चिकित्सा, योग और आध्यात्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों में एक-एक ’’स्पिरिचुअल इकोनॉमिक ज़ोन’’ की स्थापना भी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार उत्तराखण्ड के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसी क्रम में, देहरादून को एक आधुनिक और विकसित शहर बनाने के लिए लगभग 14 सौ करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर वर्ष 2020 में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रारंभ किए गए नशा मुक्त भारत अभियान की पांचवी वर्षगांठ भी मना रहे हैं। इस अभियान को सफल बनाने के लिए हम सभी को मिलकर नशे के खिलाफ एक बड़ी और निर्णायक जंग लड़नी होगी।

NEWS SOURCE Credit :lalluram

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp