Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

रविशंकर प्रसाद ने किया नाम का एलान, समिक भट्टाचार्य बने पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष

राज्यसभा सांसद समिक भट्टाचार्य को गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पश्चिम बंगाल इकाई का नया प्रदेश अध्यक्ष घोषित किया गया। वे निर्विरोध इस पद पर चुने गए, क्योंकि बुधवार को नामांकन की समयसीमा समाप्त होने तक किसी अन्य उम्मीदवार ने अपना पर्चा दाखिल नहीं किया। भट्टाचार्य ने बुधवार को साल्ट लेक स्थित भाजपा कार्यालय में अपना नामांकनZ पत्र दाखिल किया था। इस मौके पर निवर्तमान अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी भी उनके साथ मौजूद थे। पार्टी के चुनाव अधिकारी दीपक बर्मन ने बताया कि भट्टाचार्य का नामांकन पूरी तरह वैध था और उन्हें औपचारिक रूप से निर्वाचित घोषित कर दिया गया।

गुरुवार को कोलकाता के साइंस सिटी में आयोजित एक सम्मान समारोह में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद की मौजूदगी में भट्टाचार्य को निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा गया। नए अध्यक्ष के चयन पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा, “यह एक निरंतर चलने वाली रिले रेस है। पहले नेतृत्व मेरे हाथ में था, अब नए अध्यक्ष की अगुवाई में पार्टी ममता बनर्जी की सरकार के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगी।”

पार्टी सूत्रों के अनुसार, प्रदेश में भाजपा का संगठन पर्व अब अपने अंतिम चरण में है। इसी प्रक्रिया के तहत बुधवार को पार्टी के 60 कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय परिषद सदस्यता के लिए भी नामांकन दाखिल किया, जिसे स्वीकार कर लिया गया भट्टाचार्य ऐसे समय में प्रदेश अध्यक्ष बने हैं, जब पश्चिम बंगाल अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी में जुटा हुआ है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पार्टी के लिए यह नेतृत्व परिवर्तन रणनीतिक दृष्टि से अहम साबित हो सकता है।

NEWS SOURCE Credit :punjabkesari

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp