ऑपरेशन प्रहार: 71 लाख की स्मैक बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार
ऊधमसिंहनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, किच्छा और रुद्रपुर में संयुक्त टीमों ने पकड़े आरोपी
रुद्रपुर/किच्छा। मुख्यमंत्री के सख्त निर्देशों के तहत चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” में ऊधमसिंहनगर पुलिस ने नशा तस्करों पर बड़ा प्रहार किया है। एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की संयुक्त कार्रवाई में करीब 71 लाख रुपये की स्मैक बरामद करते हुए दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, किच्छा और रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्रों में अलग-अलग कार्रवाई के दौरान कुल 236 ग्राम से अधिक अवैध स्मैक बरामद की गई। साथ ही आरोपियों के पास से नगदी और मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
किच्छा में महिला तस्कर गिरफ्तार
किच्छा कोतवाली क्षेत्र में चौकी लालपुर पुलिस और ANTF कुमाऊं की संयुक्त टीम ने महराया कट के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध महिला को रोका। तलाशी में उसके पास से 133 ग्राम स्मैक और 4000 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सुरेंद्र कौर उर्फ छिन्दौ कौर (42) निवासी टिब्बा लालपुर बताया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है।
रुद्रपुर में युवक के पास से 103 ग्राम स्मैक
वहीं, रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में बागवाला-रामपुर बाईपास पर चेकिंग के दौरान पुलिस और STF कुमाऊं की टीम ने एक युवक को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 103.33 ग्राम स्मैक और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुआ।
आरोपी की पहचान अर्जुन सिंह (26), निवासी कपूरपुर, मीरगंज (बरेली, यूपी) के रूप में हुई है। उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ में उसने स्मैक फतेहगंज क्षेत्र से लाने की बात कबूली है।
नशा तस्करों पर जारी रहेगा शिकंजा
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। “ऑपरेशन प्रहार” के तहत ऐसी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से बचाने और समाज को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
