Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

1. बीजेपी का 47वां स्थापना दिवस: गोरखपुर में सीएम योगी ने फहराया ध्वज

गोरखपुर: भारतीय जनता पार्टी आज अपना 47वां स्थापना दिवस मना रही है. इस मौके पर देशभर के साथ साथ यूपी में भी बीजेपी की ओर से कई बड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पार्टी कार्यकर्ताओं को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी हैं. इसके साथ ही सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित, हिंदू सेवाश्रम भवन की छत पर पार्टी का झंडा फहराया. इस मौके पर उन्होंने झंडे के सामने पार्टी पदाधिकारियों के साथ सेल्फी भी ली और सभी को स्थापना दिवस की बधाई और शुभकामनाएं दीं.

वहीं भाजपा के स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने X सोशल पर जारी अपने संदेश में कहा कि, बीजेपी की विकास यात्रा सत्ता की नहीं, संस्कार की है. विस्तार की नहीं, विचार की है.’अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ के संकल्प की सिद्धि की है.

सीएम योगी ने अपने संदेश में लिखा, ‘राष्ट्र प्रथम (Nation First) की भावना से ओतप्रोत यह राष्ट्रवादी परिवार आज एक विशाल वटवृक्ष बन चुका है, जो सेवा, संस्कार और समर्पण के संकल्प के साथ 145 करोड़ देश वासियों की आशाओं और आकांक्षाओं को निरंतर शक्ति दे रहा है. भाजपा की यह विकास यात्रा सत्ता की नहीं, संस्कार की है. विस्तार की नहीं, विचार की है.’अंत्योदय से राष्ट्रोदय’ के संकल्प की सिद्धि की है.’

भाजपा के स्थापना दिवस पर सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट के जरिये सीएम योगी ने कहा, ‘विश्व के सबसे विशाल राजनीतिक दल भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस की सभी समर्पित कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई. @BJP4India मात्र एक राजनीतिक संरचना नहीं, बल्कि श्रद्धेय पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी और ‘भारत रत्न’ श्रद्धेय अटल जी के उदात्त लोकतांत्रिक आदर्शों एवं सात्विक सनातनी जीवन मूल्यों से अभिसिंचित एक जीवंत विचार परंपरा है.’गोरखनाथ मंदिर परिसर में पार्टी का झंडा फहराने के अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे.

भाजपा ने ‘प्रश्न प्रदेश’ को ‘उत्तर प्रदेश’ बनाया

वहीं पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर राज्य मुख्यालय पर हर्षाेल्लास, उत्साह और गौरवपूर्ण वातावरण में मनाया गया. इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने पार्टी ध्वज पहराया. इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश को प्रश्न प्रदेश से उत्तर प्रदेश बना दिया.

पंकज चौधरी ने कहा कि आज का दिन केवल एक तिथि नहीं, बल्कि एक विचार, एक संकल्प और एक राष्ट्रनिष्ठ आंदोलन का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी व लालकृष्ण आडवाणी जैसे नेताओं के नेतृत्व में बीजेपी की स्थापना हुई थी. यह दिन केवल एक राजनीतिक दल के जन्म का नहीं, बल्कि “राष्ट्र प्रथम” की भावना से प्रेरित एक वैचारिक यात्रा के प्रारंभ का पावन अवसर है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp