Rapid24news

Har Khabar Aap Tak

हरियाणा में पीएम मोदी का दौरा तय, मारुति प्लांट और शहीदी स्मारक का उद्घाटन होगा

नई दिल्ली। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की और उन्हें हरियाणा आने का आमंत्रण दिया। नायब सैनी ने प्रधानमंत्री को बताया कि सोनीपत के खरखौदा आइएमटी में मारुति सुजुकी का उत्पादन प्लांट दूसरे चरण के उद्घाटन के लिए तैयार है। यह उद्घाटन प्रधानमंत्री के हाथों कराना सरकार की प्राथमिकता है।

पीएम मोदी 20 से 25 अप्रैल के बीच हरियाणा का दौरा कर सकते हैं। इसी दौरान अंबाला में 1857 के क्रांतिकारियों व स्वतंत्रता सेनानियों के सम्मान में बने शहीदी स्मारक का उद्घाटन भी पीएम कर सकते हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात के दौरान उन्हें बताया कि इस दौरे के दौरान सरकार प्रदेश में नये उद्योग, बुनियादी ढांचे और विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कराना चाहती है। इसकी पूरी सूची प्रधानमंत्री को सौंप दी गई है।

सोनीपत के मारुति प्लांट से लेकर अंबाला के शहीदी स्मारक तक हरियाणा की तैयारी पूरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य निवेश बढ़ाना, रोजगार सृजन करना और प्रदेश के विकास को नई गति देना है। नायब सैनी ने पीएम मोदी को हरियाणा के राजनीतिक हालात, विधानसभा में पास हुए वार्षिक बजट और प्रमुख योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी दी।

करीब आधे घंटे की मुलाकात में मुख्यमंत्री ने पंजाब के चुनाव पर भी पीएम के साथ चर्चा की। मुख्यमंत्री सप्ताह में दो से तीन दिन पंजाब में चुनाव प्रचार करने जा रहे हैं। इसकी रिपोर्ट पीएम को सौंपी गई। साथ ही राज्यसभा चुनाव की रिपोर्ट भी पीएम को दी गई। राज्य की दो सीटों पर चुनाव हुआ है, जिसमें एक सीट भाजपा और दूसरी सीट कांग्रेस ने जीती है।

राज्यसभा की दो सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल महज 0.34% अंतर से कांग्रेस के कर्मवीर सिंह बौद्ध से हार गए। सरकार ने दौरे को विकास मोर्चे पर महत्वपूर्ण अवसर बताया: सरकार ने पीएम मोदी के दौरे को राजनीतिक, आर्थिक और विकास संबंधी मोर्चे पर एक महत्वपूर्ण अवसर बताया है।

प्रदेश सरकार के अनुसार यह दौरा न केवल योजनाओं और परियोजनाओं के उद्घाटन का है, बल्कि जनता और निवेशकों के लिए हरियाणा की प्रतिबद्धता और क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

WhatsApp